कानपुर जिले के देहात इलाके में उत्तर प्रदेश के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) विभाग ने बड़ी कार्रवाई की. FSDA ने मिलावटखोरों और नियमों की धज्जियां उड़ाने वाली 'भोले बाबा मिल्क फूड इंडस्ट्रीज' पर छापा मारा. भोगनीपुर तहसील क्षेत्र के छतेनी क्षेत्र में स्थित कंपनी पर की गई इस कार्रवाई के दौरान करीब 9.44 करोड़ का ब्रांडेड घी जब्त किया गया. साथ ही, स्किम्ड मिल्क पाउडर और घी के 13 संदिग्ध नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे हैं. कंपनी द्वारा 'कृष्णा प्रीमियम' ब्रांड नाम से यह घी बाजार में बेचा जा रहा था. खाद्य विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि यह घी तय मानकों पर खरा नहीं उतर रहा है. शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने कंपनी पर छापा मारा.

FSDA ने लिए 13 सैंपल
साथ ही, खाद्य विभाग की टीम ने प्लांट से स्किम्ड मिल्क पाउडर और घी के 13 संदिग्ध नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे हैं. लैब से रिपोर्ट आने के बाद कंपनी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी. FSDA के अधिकारियों के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 (FSSA) के तहत की गई है.
बिना NOC के चल रहा था प्लांट
FSDA की कार्रवाई के दौरान एक चौंकाने वाला खुलासा यह भी हुआ कि यह मिल्क प्लांट बिना किसी प्रदूषण अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) के चल रहा था. ऐसे में अब इसे लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं