- इंडिया गेट और आसपास के इलाकों में आप के कार्यकर्ताओं ने CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया.
- प्रदर्शन के दौरान आप नेता सौरभ भारद्वाज और विधायक संजीव झा को पुलिस ने हिरासत में लिया.
- सौरभ भारद्वाज ने हिरासत के दौरान पुलिस पर बदसलूकी और बल प्रयोग करने का आरोप लगाया.
राजधानी दिल्ली के इंडिया गेट और आसपास के इलाकों में रविवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने आप नेता सौरभ भारद्वाज को हिरासत में ले लिया, जिसका वीडियो भी सामने आया है.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि हिरासत के दौरान सौरभ भारद्वाज सड़क पर लेटे हुए हैं, जबकि पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं. सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली पुलिस पर बदसलूकी और बल प्रयोग का आरोप लगाया.
भारद्वाज सड़क ने एक्स पोस्ट में अपना वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'देखिए, दिल्ली पुलिस किस प्रकार बर्बरता करती है. दिल्ली पुलिस ने मेरे साथ बदसलूकी की.' साथ ही उन्होंने यह भी लिखा कि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो, इंडिया गेट से जंतर मंतर मार्च.
'आप' की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज और विधायक संजीव झा भी हिरासत में लिए गए लोगों में शामिल थे. ज्ञानेश कुमार पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है.
झा ने कहा कि सत्ता में बैठे लोग जनता के सवालों और मतदान के अधिकार को लेकर उसकी चिंताओं से बच नहीं सकते. उन्होंने कहा कि इनका समाधान 'चुप्पी, दबाव या पुलिस कार्रवाई' के बजाय पारदर्शिता और तथ्यों के जरिए किया जाना चाहिए. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान आप के कम से कम 25 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया.
वहीं, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी इस कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर इंडिया गेट, रायसीना रोड और आसपास के संवेदनशील इलाकों में दिल्ली पुलिस के साथ-साथ पैरामिलिट्री बलों की भी भारी तैनाती की गई है.
ये भी पढ़ें : प्रेमानंद महाराज को क्या अपने ही लोगों से है जान का खतरा? दिनेश शर्मा ने CM योगी से की सुरक्षा बढ़ाने की मांग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं