- अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन की जांच के लिए SIT का पुनर्गठन किया गया है
- यूपी कैडर के वरिष्ठ आईपीएस सोमेन बर्मा को अयोध्या रेंज के डीआईजी पद पर 4 फरवरी 2026 से पोस्टिंग मिली है
- सोमेन बर्मा ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2011 में पास होकर IPS बनने से पहले पावर मंत्रालय में भी सेवा दी है
अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का पुनर्गठन किया गया है, जिसमें उत्तर प्रदेश कैडर के तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को शामिल किया गया है. उन्हीं में से एक हैं सोमेन बर्मा, जो कभी मंगेश यादव एनकाउंटर से चर्चा में आ गए थे. ये पहले इंजीनियर हुआ करते थे. फिर उत्तर प्रदेश पुलिस के काबिल आईपीएस अफसरों में से एक बने.
कौन हैं आईपीएस सोमेन बर्मा?
- यूपी कैडर में 2012 बैच के आईपीएस सोमेन बर्मा मूल रूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं. 4 फरवरी 2026 से इनकी पोस्टिंग अयोध्या रेंज के डीआईजी पद पर है.
- 1 नवंबर 1979 को जन्मे सोमेन बर्मा ने असम के एनआईटी से बीटेक की पढ़ाई की है. संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2011 पास करके वह यूपी कैडर में आईपीएस बने.
- यूपीएससी सीएसई क्रैक करने से पहले सोमेन बर्मा ने भारतीय इंजीनियरिंग सेवा की परीक्षा पास करके मिनिस्ट्री ऑफ पावर में भी सेवाएं दीं.
- वह सुल्तानपुर एसपी व मिर्जापुर एसएसपी जैसे पदों पर भी सेवाएं दे चुके हैं. 28 जून 2022 को उन्होंने सुल्तानपुर एसपी पद पर ज्वाइन किया था.
- सुल्तानपुर एसपी पद पर ज्वाइन करने के पहले ही दिन लंभुआ कोतवाली इलाके में मां-बेटी की गला रेतकर हत्या का मामला और उसके बाद मंगेश यादव एनकाउंटर काफी चर्चा में रहा था

ips somen barma ayodhya dig ram mandir chadhawa chori sit investigation
क्या था मंगेश यादव एनकाउंटर?
- सुल्तानपुर शहर के नामी ज्वेलर्स भरतजी अग्रवाल की दुकान में 28 अगस्त को दिनदहाड़े करीब डेढ़ करोड़ की लूट हुई. STF ने सुल्तानपुर में ही 5 सितंबर को लूट के आरोपी मंगेश यादव को एनकाउंटर में मार गिराया था.
- मंगेश जौनपुर के बक्शा थाना के अंगरौरा का रहने वाला था. यह एनकाउंटर देशभर में सुर्खियों में रहा था. मंगेश की मां ने एनकाउंटर को फर्जी बताते हुए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था.
- हालांकि बाद में मंगेश यादव एनकाउंटर में सुलतानपुर के तत्कालीन एसपी सोमेन बर्मा समेत पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या व षड्यंत्र के प्रार्थना पत्र को सीजेएम श्वेता यादव की कोर्ट ने निरस्त कर दिया था.

राम मंदिर चढ़ावा चोरी: नई SIT में सोमेन बर्मा की क्या भूमिका?
उत्तर प्रदेश सरकार ने अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन की जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का पुनर्गठन करके सोमेन बर्मा समेत तीन आईपीएस को जिम्मेदारी सौंपी है. इस एसआईटी को आईजी किरण एस लीड कर रहे हैं. अयोध्या रेंज के डीआईजी सोमेन बर्मा और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर इसके सदस्य बनाए गए हैं.
यह भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच के लिए नई SIT गठित, अब ये तीन IPS अधिकारी करेंगे जांच
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं