हरियाणा के फरीदाबाद के सेक्टर-3 में एक व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर पाकिस्तान, ISI, अलकायदा और आतंकी हाफिज सईद के समर्थन में नारे लगाने का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.
फरीदाबाद के सेक्टर-3 में पाकिस्तान और आतंकी संगठनों के समर्थन में नारेबाजी का मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया. आरोप है कि एक व्यक्ति ने पाकिस्तान, ISI और अलकायदा के समर्थन में नारे लगाए, इसके अलावा हिंदुस्तान और भारत माता के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं. घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया. अब ये सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
वीडियो सामने आने के बाद सेक्टर-8 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 47 वर्षीय अनोज कुमार के खिलाफ नफरत फैलाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
सीनियर सिटीजन क्लब के बाहर हुआ विवाद
पुलिस को दी शिकायत में सीनियर सिटीजन क्लब के महासचिव चरण सिंह यादव ने बताया कि 22 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे वह अपने कुछ साथियों के साथ क्लब के बाहर पानी की पाइप का काम करवा रहे थे. इसी दौरान अनोज कुमार वहां पहुंचा और कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगा.
शिकायत के मुताबिक जब वहां मौजूद लोगों ने उसकी भाषा और व्यवहार का विरोध किया तो उसने मारपीट की धमकी दी. आरोप है कि इसके बाद उसने पाकिस्तान, ISI, अलकायदा और आतंकी हाफिज सईद के समर्थन में नारे लगाने शुरू कर दिए. इस दौरान उसने भारत और भारत माता के खिलाफ भी टिप्पणी की.
मोबाइल में रिकॉर्ड हुई पूरी घटना
मामले के दौरान मौजूद क्लब के सदस्यों ने पूरी घटना अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली. बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने शिकायत और उपलब्ध रिकॉर्डिंग के आधार पर जांच शुरू की.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी के खिलाफ नफरत फैलाने और आपसी भाईचारा बिगाड़ने के आरोप में केस दर्ज किया गया. गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और वायरल वीडियो समेत उपलब्ध सबूतों की भी पड़ताल की जा रही है.
यह भी पढ़ें: IGI एयरपोर्ट पर लंदन जाने से रोके गए सौरव दास, बोले- गांधी और संविधान की बात करता हूं, इसलिए हो रही टारगेटिंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं