- भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह को उनकी बेटी शालिनी सिंह ने बर्थडे गिफ्ट में नोएडा में नया हेलीपैड दिया है
- नया हेलीपैड यमुना के किनारे सेक्टर 150 में बना है जिसकी लागत लगभग पचास लाख रुपये बताई गई है
- बृजभूषण शरण सिंह के पास तीन हेलीकॉप्टर हैं, जिनमें से एक हमेशा नोएडा के नए हेलीपैड पर रहेगा
बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को बर्थडे गिफ्ट में हेलीपैड मिला है. ये गिफ्ट उनकी बेटी ने ही दिया है. बृजभूषण शरण सिंह का बर्थडे 8 जनवरी 2027 को होता है, मगर उससे दो महीने पहले ही रविवार शाम करीब 5 बजे उनकी बेटी शालिनी सिंह ने उन्हें ये गिफ्ट दिया. ये हेलीपैड नोएडा के सेक्टर 150 में यमुना के किनारे नया बनाया गया है. इस हेलीपैड का विधिवत उद्घाटन खुद बृजभूषण शरण सिंह ने पारंपरिक पूजा-अर्चना करने के बाद नारियल फोड़कर किया.
शालिनी सिंह क्या करती हैं?
शालिनी सिंह नोएडा की भाजपा कार्यकर्ता होने के साथ-साथ नोएडा सिटिज़न फोरम की कार्यकारी अध्यक्ष भी हैं. शालिनी का विवाह बिहार के आरा से पूर्व सांसद रहे दिवंगत अजीत सिंह और पूर्व सांसद मीना सिंह के इकलौते पुत्र विशाल सिंह से हुआ है. विशाल सिंह वर्तमान में नोएडा में रहते हैं, भाजपा नेता हैं और साथ ही नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर्स फेडरेशन (NCCF) के चेयरमैन और बिहार स्टेट कोऑपरेटिव मार्केटिंग यूनियन (BISCOMAUN) के अध्यक्ष भी हैं.
नोएडा में हेलीपैड क्यों गिफ्ट किया
शालिनी ने अपने पिता को यह विशेष भेंट देते हुए कहा कि पिता ने बचपन से ही उन्हें बहुत प्यार व उपहार दिए हैं और आज उन्हें इस काबिल बनाया है कि वह उन्हें कुछ भेंट कर सकें. शालिनी ने यह भी कहा कि उपहार के रूप में दी गई किसी चीज़ का मूल्य कभी उजागर नहीं किया जाता. हालांकि खबरों के अनुसार इस हेलीपैड के निर्माण में 50 लाख रुपये की लागत आई है और यह जिस जमीन पर बना है, उसकी कीमत करोड़ों रुपये है.
बृजभूषण शरण सिंह के पास कितने हेलीकॉप्टर
बृजभूषण के बेड़े में कुल तीन हेलीकॉप्टर हैं, जिनमें से एक काला हेलीकॉप्टर अब हमेशा नोएडा के इस नए हेलीपैड पर ही रहेगा. उनके पास मौजूद भगवा और सफेद रंग के अन्य दो हेलीकॉप्टर गोंडा स्थित उनके आवास पर रहेंगे, जहां पहले से ही दो हेलीपैड बने हुए हैं. इस नई सुविधा से बृजभूषण सिंह के लिए गोंडा और नोएडा के बीच यात्रा करना बेहद आसान हो जाएगा. इसके साथ ही, शालिनी सिंह के लिए भी बिहार स्थित अपने ससुराल आना-जाना सुविधाजनक हो जाएगा.
यह भी पढ़ें | NSA अजीत डोभाल वियतनाम में, जानिए भारत के लिए क्यों है ये देश अहम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं