- मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में हिस्ट्रीशीटर और ड्रग तस्कर सतेन्द्र उर्फ पप्पू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया.
- पुलिस की चेकिंग पर पप्पू ने फायरिंग की और कार छोड़कर बाग में भागते हुए भी गोलियां चलाईं.
- जवाबी फायरिंग में पप्पू के पैर में गोली लगी, उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया.
मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना में पुलिस ने कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और ड्रग तस्कर सतेन्द्र उर्फ पप्पू को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया. उसके पास से भारी मात्रा में 21 किलो अवैध गांजा, एक कार और हथियार बरामद किए गए.
पुलिस चेकिंग देखते ही शुरू कर दी फायरिंग
10 मार्च की देर रात बुढ़ाना पुलिस टीम बसई गांव तिराहे के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान इको कार (UP12 BT 0420) मौके पर पहुंची. पुलिस द्वारा रोकने का इशारा मिलते ही कार में बैठे पप्पू ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी और भागने की कोशिश की.
यह भी पढ़ें- Blinkit वाले ने ऑर्डर करने वाली की नाक तोड़ दी, दरवाजे पर सामान फेंक कर निकल गया
सड़क निर्माण के बीच कार छोड़ी, बाग में घुसकर भी करता रहा फायर
फायरिंग करते हुए आरोपी कार भगाता रहा, लेकिन आगे सड़क निर्माण कार्य होने के कारण उसे कार छोड़कर भागना पड़ा. वह पास के बाग की ओर भागा और वहां से भी पुलिस पर गोलियां चलाता रहा. पुलिस ने उसे सरेंडर करने की चेतावनी दी लेकिन वह नहीं माना.
जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, पकड़ा गया जिंदा
आत्मरक्षा में पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में पप्पू के दाहिने पैर में गोली लगी. इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया और घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया.
21 किलो गांजा, कार और देसी पिस्टल बरामद
पुलिस को मौके से 21 किलो अवैध गांजा, इको कार, 0.315 बोर का देसी तमंचा और एक जिंदा कारतूस और एक खाली खोखा मिला.
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में MBA की छात्रा ने 13वीं मंजिल से कूदकर दे दी जान, सुसाइड नोट भी नहीं छोड़ा
ओडिशा से लाते थे गांजा, कपड़ों में छिपाकर करते थे सप्लाई
पूछताछ में पप्पू ने खुलासा किया कि वह अपने परिवार के लोगों के साथ मिलकर ओडिशा से गांजा मंगाता था. कपड़ों के गट्ठरों में छिपाकर इसे विभिन्न स्थानों पर सप्लाई किया जाता था. NDPS, Arms Act सहित कई मामले दर्ज, बुढ़ाना का हिस्ट्रीशीटर घोषित है.
पुलिस के अनुसार पप्पू बुढ़ाना थाने का हिस्ट्रीशीटर (HS No. 107A) है. उस पर NDPS Act, Arms Act और Excise Act के कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं. मीरापुर थाने में दर्ज हालिया NDPS केस में भी वह वांछित था.
आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर ली है और आरोपी के नेटवर्क, सप्लाई चैन व सहयोगियों की तलाश शुरू कर दी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं