यूपी के गोरखपुर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां 10वीं कक्षा के स्कूल टॉपर और आईआईटी की तैयारी कर रहे 17 वर्षीय छात्र प्रिंस निषाद का शव पांच दिन बाद चिलुआताल में तैरता हुआ मिला है. प्रिंस 23 सितंबर को कोचिंग का मासिक टेस्ट देने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. मृतक के पिता ने एक सहपाठी छात्रा और उसके परिवार पर लव-अफेयर के चलते अपहरण के बाद हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 4 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
होनहार छात्र था प्रिंस, आंखों में था आईआईटी का सपना
प्रिंस निषाद पढ़ाई में बेहद तेज था और उसने 10वीं कक्षा में अपने स्कूल में टॉप किया था. उसके पिता नंदकिशोर निषाद, जो एक मेडिकल स्टोर संचालक हैं, मूल रूप से जंगल कौड़िया के मोहम्मदपुर टोला परसौना के रहने वाले हैं. वे अपनी पत्नी लक्ष्मीना देवी, बेटे प्रिंस और बेटी शालिनी के साथ चिलुआताल के बरगदवा-मोहरीपुर में किराए के मकान में रह रहे थे ताकि बच्चों को अच्छी शिक्षा मिल सके. प्रिंस बेतियाहाता स्थित मोमेंटम कोचिंग से आईआईटी प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था. 23 सितंबर की सुबह 8:00 बजे वह कोचिंग में टेस्ट देने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन जब वह देर शाम तक नहीं लौटा और कोचिंग से पता चला कि वह वहां पहुंचा ही नहीं था, तो परिजनों ने चिलुआताल थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई.

Gorakhpur Topper Student Death: प्रिंस की मौत के बाद पूरा परिवार गमजदा हैं. उसके पिता इंसाफ की गुहार लगा रहे हैं.
Photo Credit: अबरार अहमद
23 सितंबर को घर से निकला, 28 सितंबर को मिला शव
पुलिस ने जब प्रिंस के मोबाइल की कॉल डिटेल निकाली तो उसकी अंतिम लोकेशन पीपीगंज में मिली, जिसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया. सोमवार (28 सितंबर) की देर रात चिलुआताल थानाक्षेत्र के महेसरा शेखपुरवा गांव के पास तालाब में एक शव तैरता हुआ मिला. पानी में रहने के कारण शव काफी सड़ चुका था. बीआरडी मेडिकल कॉलेज पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे परिजनों ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान प्रिंस के रूप में की. इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
लव-अफेयर में हत्या का आरोप, पिता ने लगाई न्याय की गुहार
प्रिंस के पिता नंदकिशोर निषाद ने रोते हुए आरोप लगाया कि उनके बेटे की एक लड़की से लव-अफेयर के चक्कर में हत्या की गई है. उन्होंने बताया कि क्लास 11 की एक छात्रा प्रिंस से लगातार फोन पर बात करती थी, जिसकी पुष्टि पुलिस जांच में भी हुई है. पिता ने उस छात्रा, उसके भाई, माता-पिता और एक सहपाठी के खिलाफ नामजद तहरीर देकर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है. बेबस पिता ने रोते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शहर में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की.
डूबने से हुई प्रिंस की मौत, विसरा सुरक्षित
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, प्रिंस की मौत पानी में डूबने (Drowning) की वजह से हुई थी. शव मिलने के बाद डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में शरीर पर चोट का कोई स्पष्ट बाहरी निशान नहीं मिला था. चूँकि शव पांच दिनों तक पानी में रहा था, इसलिए वह काफी सड़ चुका था. डॉक्टरों ने मौत के सही समय और अन्य परिस्थितियों की जांच के लिए प्रिंस का विसरा सुरक्षित रख लिया है, जिसे फॉरेंसिक लैब भेजा जा रहा है. इस मामले पर कैंपियरगंज सर्किल के सीओ अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि किशोर की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से ही पुलिस और सर्विलांस की टीमें लगातार काम कर रही थीं. शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ-साथ मोबाइल की कॉल डिटेल्स, व्हाट्सएप चैट्स और लोकेशन डेटा को खंगाल रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी
ये भी पढे़ं: विजयवाड़ा में कसाई ने महिला का सिर काट दिया, टुकड़े-टुकड़े कर नहर में फेंका : टैटू ने ऐसे खोला राज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं