- UP राज्यसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी के 2 उम्मीदवार रामगोपाल यादव और धनराज नथवानी ने नामांकन दाखिल किया.
- भाजपा ने 8 नामांकन पत्र खरीदे हैं और सपा ने 4 नामांकन पत्र खरीदे हैं, जिसमें दो उम्मीदवार ने नामांकन किया है.
- राज्यसभा चुनाव की 10वीं सीट के लिए यूपी में असल लड़ाई होगी. जानिए संख्या बल का पूरा गणित.
UP Rajya Sabha Elections 2026: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनाव होना है. बुधवार को समाजवादी पार्टी के दो उम्मीदवार रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नथवानी ने अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया. भाजपा ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं. लेकिन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भाजपा ने 8 नामांकन पर्चा खरीदे हैं. सपा की ओर से 4 नामांकन पत्र खरीदे जाने की जानकारी सामने आई है. जिसमें दो ने तो आज नॉमिनेशन भी कर दिया है. इस बीच ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला करते हुए कहा, अखिलेश जी, सुना है आप राज्यसभा के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में उतारने जा रहे हैं। ये बताइए, तीनों आपके “PDA” वाले होंगे या नहीं?
PDA मतलब, परिवार, दौलतमंद और अपराधीः राजभर
राजभर ने आगे लिखा, पहला तो प्रोफेसर साहब हैं. ये आपके पीडीए वाले “परिवार” से हो गए. अब “डी” और “ए” से कौन होगा? डी से कोई “दौलतमंद” होगा क्या? ए से कोई “अपराधी”? बताइयेगा, क्योंकि सभी पिछड़े वर्ग के लोग, दलित भाई और मुसलमान भाई जानना चाह रहे हैं कि आपके पीडीए में परिवार, दौलतमंद और अपराधियों को कैसे आप संसद के ऊपरी सदन भेजने की जुगत में लगे हैं.

राज्यसभा चुनाव को लेकर राजभर का अखिलेश पर तंज.
तीसरे के चक्कर में दूसरा मत गंवा दीजिएगाः राजभर
अंत में राजभर ने तंज करते हुए लिखा- आखिर में एक और सलाह है. तीन के चक्कर में दूसरा मत गंवा दीजिएगा. राजभर का यह भले ही सियासी हो, लेकिन इतिहास बताता है कि राज्यसभा चुनाव में सपा को पहले भी अपनों ने ही दगा दिया है.
कुछ महीनों बाद यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्यसभा का यह चुनाव पक्ष-विपक्ष दोनों के लिए ताकत आजमाने का एक बड़ा मौका हैं. संख्या बल के आधार पर यूपी राज्यसभा चुनाव का गणित क्या है, आइए जानते हैं?
यूपी राज्यसभा चुनाव, किस दल के पास कितने वोट?
- बीजेपी - 256
- सपा - 101
- अपना दल (एस) - 13
- आरएलडी - 9
- सुभासपा- 6
- निषाद पार्टी - 5
- कांग्रेस - 2
- जनसत्ता दल - 2
- असंबद्ध - 3 (इसमें मनोज पांडेय भी शामिल हैं)
- खाली सीटें - 6
राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए चाहिए 37 विधायकों के वोट
राज्यसभा की एक सीट जिताने के लिए कुल 37 विधायकों के वोट चाहिए. ऐसे में बीजेपी 259 वोटों से अपने 7 सांसद जिता लेगी, वहीं सपा 74 विधायकों के वोट से दो सांसद आसानी से जिता लेगी. असल लड़ाई दसवीं सीट के लिए होगी. जिसके लिए बीजेपी और सपा अपने-अपने दांव आजमा रही है.
8 सांसदों को जिताने के लिए NDA को दो और विधायक चाहिए
बीजेपी के 256, अपना दल के 13, आरएलडी के 9, सुभासपा के 6 और निषाद पार्टी के 5 विधायकों को मिलाकर एनडीए के पक्ष में कुल 289 विधायक हो रहे हैं. राजा भैया के दो विधायक और तीन असंबद्ध मिलाकर ये आंकड़ा 294 हो रहा है. आठवां सांसद जिताने के लिए कुल 37*8 = 296 चाहिए. यानी बीजेपी के पास दो वोट कम हैं. ऐसे में यदि एनडीए आठ सांसदों को जिताना चाहती है, तो उसे दो और विधायकों का वोट चाहिए होगा.

सुभासपा के चार विधायक बड़ा पेच
इसमें एक बड़ा पेच सुभासपा के चार विधायक हैं, जो खुले तौर पर सपा का झंडा लगाकर घूमते हैं. सुभासपा में ओम प्रकाश राजभर और बेदीराम को छोड़कर कोई सुभासपा के साथ नहीं है. इनमें अब्बास अंसारी, जगदीश नारायण, दूधराम और हंसुराम शामिल हैं. यानी ये बीजेपी को वोट नहीं देंगे तो बीजेपी के पास कम पड़ रहे विधायकों की संख्या 6 हो जा रही है.
तीन सांसद जिताने के लिए सपा को 4 और विधायक चाहिए
बात करें सपा की तो सपा के पास अपने 101 विधायक हैं. कांग्रेस के दो विधायकों और सुभासपा के चार विधायकों को मिला लें तो सपा के पास कुल 107 वोट हैं. तीन सांसद जिताने के लिए सपा को कुल 111 विधायक चाहिए. यानी सपा के पास कम पड़ रहे विधायकों की संख्या 4 है.
पिछले चुनाव में सपा के 7 विधायक हुए थे बागी
सपा की दिक्कत ये है कि पिछली बार राज्यसभा के चुनाव में उसके कुल 7 विधायक बाग़ी हुए थे. इनमें पूजा पाल घोषित तौर पर बीजेपी के शामिल हो चुकी हैं. राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह और मनोज पांडे बतौर निर्दलीय बीजेपी के पक्ष में खड़े हैं. विनोद चतुर्वेदी, राकेश पांडे और आशुतोष मौर्य ने बीजेपी के प्रत्याशी को वोट किया था.
ये तीनों अभी तक सपा के सदस्य हैं. ऐसे में अगर ये तीनों इस बार भी बीजेपी के पक्ष में गए तो सपा को ज़रूरत 7 वोटों की होगी और बीजेपी की ज़रूरत 3 विधायकों पर आ जाएगी. यानी बिना जोड़तोड़ के ना बीजेपी अपना आठवां सांसद जिता सकती है और ना सपा. ऐसे में देखना होगा कि कौन किसको तोड़ने में सफल होता है.
यह भी पढ़ें - सपा के दो राज्यसभा उम्मीदवारों का ऐलान, रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नथवानी आज भरेंगे नामांकन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं