उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक कार्रवाई शुरू हो गई है. वायरल वीडियो में कुछ छात्राएं बुर्का पहनकर स्कूल के मंच पर भोजपुरी और हिंदी फिल्मी गीतों पर प्रस्तुति देती दिखाई दे रही हैं. वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और विभिन्न वर्गों की ओर से जांच तथा कार्रवाई की मांग उठने लगी. इसके बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने स्कूल की जांच कराई. जांच में पता चला कि संबंधित स्कूल बिना मान्यता संचालित हो रहा था. प्रशासन ने स्कूल को सील कर दिया है और छात्रों को नजदीकी मान्यता प्राप्त विद्यालयों में प्रवेश दिलाने के निर्देश दिए हैं.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
मामला गोंडा जिले के खोण्डारे थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित नॉलेज बीम एकेडमी स्कूल का बताया जा रहा है. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुछ छात्राओं ने मंच पर बुर्का और नकाब पहनकर प्रस्तुति दी. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इस पर विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं. कई लोगों ने कार्यक्रम को लेकर आपत्ति जताई और कार्रवाई की मांग की. बताया गया कि प्रस्तुति देने वाली छात्राएं हिंदू समुदाय से संबंधित थीं. इसी कारण मामला सोशल मीडिया पर और अधिक चर्चा का विषय बन गया.

बेसिक शिक्षा विभाग ने कराई जांच
वीडियो वायरल होने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने मामले का संज्ञान लिया और ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रियाज अहमद को जांच के निर्देश दिए. जांच के दौरान यह सामने आया कि संबंधित विद्यालय बिना मान्यता के संचालित किया जा रहा था. अधिकारियों के अनुसार स्कूल प्रबंधन को लगभग एक सप्ताह पहले भी संचालन बंद करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद विद्यालय का संचालन जारी रहा.
स्कूल परिसर किया गया सील
जांच में अनियमितता मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए स्कूल के प्रबंधक और प्रधानाचार्य कार्यालय को बंद कराया. इसके साथ ही मुख्य द्वार पर ताला लगाकर विद्यालय को सील कर दिया गया. ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रियाज अहमद ने बताया कि कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेज दी गई है.
'छात्र की पढ़ाई प्रभावित न हो'
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि संबंधित विद्यालय में पढ़ रहे बच्चों के हितों को ध्यान में रखते हुए उन्हें आसपास के सरकारी अथवा मान्यता प्राप्त विद्यालयों में प्रवेश दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है. उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
स्कूल प्रबंधन ने मांगी थी माफी
विवाद बढ़ने के बाद स्कूल के प्रबंधक राम सुरेश ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर माफी मांगी थी. राम सुरेश ने कहा था कि "कुछ लड़कियों ने बुर्का और नकाब पहन कर डांस किया है, जिसमें कोई मुस्लिम बच्ची नहीं है, सब हिंदू लड़कियां हैं. अगर इससे किसी समुदाय या किसी मुस्लिम भाई को ठेस पहुंची है, या दुख और तकलीफ हो रही है, तो मैं क्षमा मांगता हूं. हमारा मकसद सिर्फ मनोरंजन था. बच्चियों का मकसद भी सिर्फ मनोरंजन का था." उन्होंने आगे कहा, "मैं वादा करता हूं कि भविष्य में हमसे इस तरह की कोई गलती नहीं होगी. जो गलती हुई है, उसके लिए मैं करोड़ों बार क्षमा मांगने के लिए तैयार हूं."
यह भी पढ़ें : UP: गोंडा में स्कूल की हिंदू छात्राओं ने बुर्का पहनकर किया डांस! वीडियो वायरल होने के बाद प्रबंधक ने मांगी माफी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं