बदायूं जिला प्रशासन ने विदेश यात्रा की जानकारी नहीं देने वाले 49 लोगों के घरों के बाहर ‘प्रवेश वर्जित' का नोटिस लगाया है. जिलाधिकारी कुमार प्रशांत ने बताया कि कोरोना वायरस के चलते सरकार सख्त है. इसी को लेकर सरकार ने एक शासनादेश जारी किया था, जिसके तहत 12 मार्च 2020 के बाद विदेश से वापस आए नागरिकों को अपनी पूरी जानकारी जिला प्रशासन को उपलब्ध करवानी थी.
उन्होंने बताया कि प्रशासन ने विदेश से लौटे 49 व्यक्तियों की लिस्ट जारी की है और उनके घरों के बाहर नोटिस भी लगाया है, जिससे मोहल्ले के लोग उनसे उचित दूरी बना कर रखें. उन्होंने बताया कि इसके अलावा ऐसे व्यक्तियों के नाम स्थानीय समाचारपत्र और मीडिया को भी दिए जाएंगे जो विदेश यात्रा करके वापस आए हैं, जिससे उनके आसपास रहने वाले लोगों को इस बारे में जानकारी हो सके और वह ऐसे व्यक्तियों से उचित दूरी बनाकर रह सकें.
बता दें कि कोरोनावायरस को फैलने से रोकने के लिए देश में 21 दिनों का लॉकडाउऩ जारी है. 21 दिनों का लॉकडाउऩ 14 अप्रैल तक जारी रहेगा. भारत में कोरोनावायरस का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है. गुरुवार सुबह तक इसके मरीजों की संख्या बढ़कर 1965 हो गई. जबकि इससे मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 50 पहुंच गया है. वहीं, इसी बीच अच्छी खबर भी है कि इससे संक्रमित 151 लोगों का अभी तक उपचार किया जा चुका है. पिछले 24 घंटे में 328 नए मामले (कल के दोपहर के आंकड़े के आधार पर) सामने आए हैं. वहीं, पिछले 24 घंटे में 12 लोगों की मौत हुई है.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं