- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में तिगरी गंगा मेले में प्रशासनिक अधिकारियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लिया
- जिलाधिकारी नितिन गौड़ और पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने गीत 'सलामत रहे दोस्ताना हमारा' प्रस्तुत किया
- मेले में सुरक्षा के लिए हजारों पुलिसकर्मी तैनात किए गए और सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं
Tgri Ganga Mela Amroha: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में प्रसिद्ध तिगरी गंगा मेले में इस बार श्रद्धालुओं को प्रशासनिक सख्ती के साथ-साथ एक यादगार सांस्कृतिक पल भी देखने को मिला. दिनभर लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था संभालने के बाद अमरोहा के जिलाधिकारी IAS नितिन गौड़ और पुलिस अधीक्षक IPS लखन सिंह यादव शाम को मंच पर ऐसे नजर आए कि पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा. मेले में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान गायक की फरमाइश पर डीएम और एसपी ने माइक संभाल लिया.
इसके बाद दोनों अधिकारियों ने मशहूर गीत 'सलामत रहे दोस्ताना हमारा' प्रस्तुत किया. प्रशासन के दो शीर्ष अधिकारियों की यह जुगलबंदी लोगों को इतनी पसंद आई कि कार्यक्रम स्थल पर मौजूद श्रद्धालुओं ने जमकर तालियां बजाईं और उनका उत्साहवर्धन किया. आमतौर पर प्रशासनिक बैठकों, सुरक्षा समीक्षा और कानून व्यवस्था के बीच व्यस्त रहने वाले दोनों अधिकारी इस अलग अंदाज में नजर आए तो लोग भी हैरान रह गए. कई श्रद्धालुओं ने इस पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया, जबकि कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से साझा किया जा रहा है.

बता दें कि डॉ नितिन गौड़ उत्तर प्रदेश कैडर के 2016 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी और IPS लखन सिंह यादव उत्तर प्रदेश कैडर के 2018 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी हैं. दोनों वर्तमान में अमरोहला कलेक्टर-पुलिस अधीक्षक पद पर सेवाएं दे रहे हैं.
दिनभर सुरक्षा, शाम को सुरों की महफिल
तिगरी गंगा मेले में इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. ऐसे में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है. मेला क्षेत्र में हजारों पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. घाटों, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि ड्रोन के जरिए भी भीड़भाड़ वाले इलाकों और गंगा घाटों की निगरानी की जा रही है. मेला कोतवाली में स्थापित कंट्रोल रूम से पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है. बीबीडीएस, डॉग स्क्वाड, पीएसी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है.
क्या है तिगरी गंगा मेला?
अमरोहा जिले के गजरौला क्षेत्र के पास गंगा नदी के तट पर लगने वाला तिगरी धाम मेला उत्तर प्रदेश के सबसे प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल है. कार्तिक मास में आयोजित होने वाले इस मेले में लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान, पूजा-अर्चना, दीपदान और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेने पहुंचते हैं.
वर्ष 2026 में 15 नवंबर से 25 नवंबर तक आयोजित हो रहे इस मेले में 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान होगा. धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम, झूले, स्थानीय बाजार और विभिन्न मनोरंजक आयोजन भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं.
इसी बीच, डीएम डॉ. नितिन गौड़ और एसपी लखन सिंह यादव की सुरमयी जुगलबंदी ने तिगरी मेले के माहौल में एक अलग ही रंग घोल दिया. प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच दोनों अधिकारियों का यह दोस्ताना अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.
VIDEO: IPS अधिकारी को देख छलका बुजुर्ग महिला का दर्द, गले लगकर बोलीं- अब आप ही हमारा सहारा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं