उत्तर प्रदेश में हाल ही में हुए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद राज्य की राजनीतिक सरगर्मी चरम पर है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज 14 मई 2026 को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की. करीब एक घंटे तक चली इस उच्च स्तरीय बैठक के बाद यूपी में मंत्रियों के विभागों के बंटवारे और 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं. गृह मंत्री कार्यालय (HMO) ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से इस शिष्टाचार भेंट की पुष्टि की है.
विभागों के बंटवारे पर टिकी निगाहें
बीते 10 मई को योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में छह नए चेहरों को शामिल किया गया था, जबकि दो राज्य मंत्रियों का कद बढ़ाकर उन्हें कैबिनेट में नई जिम्मेदारी दी गई. हालांकि, चार दिन बीत जाने के बाद भी नए मंत्रियों को विभागों का आवंटन नहीं हुआ है. माना जा रहा है कि अमित शाह और सीएम योगी के बीच हुई इस चर्चा में विभागों के चयन पर अंतिम मुहर लग गई है.
2027 का सियासी और सामाजिक समीकरण
यूपी की सियासत पर नजर रखने वाले जानकारों का मानना है कि इस बार विभागों का बंटवारा केवल प्रशासनिक सुविधा के लिए नहीं, बल्कि मिशन 2027 को ध्यान में रखकर किया जा रहा है. शपथ लेने वाले मंत्रियों में भूपेंद्र सिंह चौधरी (पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष) भी शामिल हैं. इनके जरिए पश्चिम यूपी के जाट समीकरणों को साधने की कोशिश है. सपा छोड़कर आए मनोज पांडेय के जरिए ब्राह्मण मतों को एकजुट करने की रणनीति है. कृष्णा पासवान, सुरेंद्र दिलेर और कैलाश राजपूत को भी मंत्री बनाया गया है. इनके माध्यम से दलित और पिछड़ा वर्ग के सामाजिक समीकरणों को मजबूत किया जा रहा है. कहा जा रहा है कि शाह के साथ योगी की बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया है कि नए मंत्रियों को ऐसे विभाग सौंपे जाएं जिससे वे अपने कार्यक्षेत्र और समुदाय के बीच सरकार की पैठ को और गहरा कर सकें.
अब लखनऊ में दिखेगी सियासी हलचल
दिल्ली में शाह से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीधे 'यूपी सदन' पहुंचे, जहां से वे लखनऊ के लिए रवाना हो रहे हैं. कयास लगाए जा रहे हैं कि लखनऊ पहुंचते ही आज देर रात या कल सुबह तक नए मंत्रियों के विभागों की आधिकारिक सूची जारी की जा सकती है. इस मुलाकात ने यह साफ कर दिया है कि भाजपा नेतृत्व उत्तर प्रदेश को लेकर कोई भी ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है और आगामी चुनावों के लिए अभी से बिसात बिछाई जा चुकी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं