- CM धामी ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण पर विपक्षी दलों के विरोध को राजनीतिक भ्रम फैलाने वाला बताया.
- उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों को ठीक करने की प्रक्रिया का विरोध करने के बजाय सभी दलों को समर्थन करना चाहिए.
- धामी ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों को पुनरीक्षण से अपने राजनीतिक हित प्रभावित होने की आशंका है.
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्षी दलों की आपत्तियों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन पर भ्रम फैलाने और राजनीतिक माहौल खराब करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों को दुरुस्त करने की प्रक्रिया का विरोध करने के बजाय राजनीतिक दलों को इसका समर्थन करना चाहिए.
यहां उत्तराखंड महोत्सव में शामिल होने पहुंचे धामी ने संवाददाताओं से कहा कि एसआईआर देश में पहली बार नहीं हो रहा है. उन्होंने सवाल किया कि अगर इस प्रक्रिया के जरिए मतदाता सूचियों में सुधार किया जा रहा है और एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत लोगों तथा अपात्र मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं तो इस पर आपत्ति क्यों होनी चाहिए.
धामी ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों को एसआईआर प्रक्रिया से अपने राजनीतिक हित प्रभावित होने की आशंका है. उन्होंने कहा कि चुनावों में लगातार हार का सामना कर रहे दल जनता के बीच अपनी स्थिति मजबूत करने के बजाय ऐसे मुद्दे उठा रहे हैं, जिनसे भ्रम और असमंजस की स्थिति पैदा हो रही है.
उन्होंने विपक्ष पर चुनावी हार के बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने का भी आरोप लगाया. उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के संदर्भ में धामी ने विपक्षी ‘इंडिया' के भाजपा को कड़ी चुनौती देने के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चुनाव से पहले विपक्षी दल अपनी मजबूती का दावा करते हैं लेकिन चुनाव परिणाम आने के बाद असलियत जाहिर हो जाती है.
उन्होंने उत्तर प्रदेश में भाजपा की दोबारा सरकार बनने का भरोसा जताया. धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में एक बार फिर भारी बहुमत हासिल करेगी.
भाषा इनपुट के साथ
ये भी पढ़ें : कार्यकर्ताओं के दम पर 2027 में BJP लगातार तीसरी बार UP में बनाएगी सरकार : नितिन नवीन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं