विज्ञापन

UP: पुलिस एनकाउंटर में चंदौली का साइको किलर ढेर, 24 घंटे में 3 लोगों की गोली मारकर की थी हत्या, सेना से रिटायर्ड था आरोपी

Chandauli Serial killer Encounter: आरोपी सीरियल किलर ने तीनों हत्याओं की बात कबूल ली. तीनों वारदात उसने 10-11 किलोमीटर के दायरे में की थीं. तीनों लोगों को कनपटी पर गन सटाकर गोली मारी गई थी.

UP: पुलिस एनकाउंटर में चंदौली का साइको किलर ढेर, 24 घंटे में 3 लोगों की गोली मारकर की थी हत्या, सेना से रिटायर्ड था आरोपी
आरोपी गुरप्रीत सिंह पंजाब के अमृतसर का रहने वाला था.

UP Serial killer Encounter: यूपी के चंदौली में 24 घंटे में 3 सनसनीखेज हत्याओं को अंजाम देने वाला सीरियल किलर एनकाउंटर में ढेर हो गया है. साथ ही दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए है. आरोपी सीन रिक्रिएशन के दौरान पुलिस पर हमला किया और भागने की कोशिश की. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई. जिसमें उसकी मौत हो गई है. वहीं एनकाउंटर में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए है. SOG, अलीनगर पुलिस, सकलडीहा पुलिस और जीआरपी ने यह संयुक्त कार्रवाई की है. 

3 लोगों की ली थी जान

आरोपी ने ताड़ीघाट पैसेंजर, जम्मूतवी एक्सप्रेस और निजी अस्पताल में हत्या की वारदातों को अंजाम दिया था. बिना किसी व्यक्तिगत रंजिश के वो लोगों को निशाना बना रहा था. आरोपी की पहचान पंजाब के अमृतसर निवासी गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है. उसने 10 मई को ताड़ीघाट पैसेंजर में पहली हत्या की थी. इसके बाद 11 मई की रात जम्मूतवी एक्सप्रेस में यात्री को गोली मारकर दूसरी हत्या की थी. वहीं तीसरी हत्या अलीनगर के जीवक अस्पताल में भर्ती महिला को सिर में गोली मारकर की.

पुलिस टीम पर की फायरिंग

अस्पताल में हत्या के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था. वहीं सीन रीक्रिएशन के दौरान उसने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर भागने लागा. इस दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जो आरोपी के सीने में जा लगी. घायल गुरप्रीत को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मुठभेड़ में जीआरपी हेडकांस्टेबल सहित दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं. साथ ही आरोपी के कब्जे से रिवाल्वर, कारतूस और कटी हुई DBBL गन बरामद किया गया है. जानकारी के मुताबिक, बरामद बंदूक लाइसेंसी है, जबकि रिवॉल्वर बिना लाइसेंस का है.

2021 में सेना से रिटायर्ड हुआ था आरोपी

चंदौली पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि थाना अलीनगर क्षेत्र में 10-11 मई को 3 घटनाएं हुई थीं, जिसमें 3 अलग-अलग व्यक्तियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इसमें आज सुबह का जो प्रकरण था जिसमें एक महिला की हत्या की गई थी, तो अभियुक्त को जनता द्वारा पकड़ा गया था और उसे हिरासत में लिया गया. अभियुक्त का नाम गुरप्रीत सिंह है. उसने बताया कि वो 2021 में सेना से पदमुक्त हुआ था. उसके बाद वो 29 अप्रैल को पंजाब से सिक्युरिटी गार्ड की नौकरी के लिए बिहार गया था. वो शराब पीने का आदि हो गया था, जिसके कारण उसे नौकरी से निकाल दिया गया था और तब से ही वो आक्रोशित और विचलित था.

गोली मारकर तीन लोगों की हत्या की थी

उन्होंने बताया कि 10 मई को चंदौली में आरोपी ने एक पैसेंजर ट्रेन में एक व्यक्ति को गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी. एक अन्य ट्रेन में भी उसने एक व्यक्ति को गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी और आज सुबह अस्पताल में एक महिला को गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी. उसे क्राइम सीन रिक्रिएशन के लिए ले जाया गया. इस दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग करके भागने की कोशिश की. पुलिस द्वारा घेराबंदी की गई और जवाबी कार्रवाई में उसे 2 गोली लगी, उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया था कि वो बहुत आक्रोशित था और बिना किसी व्यक्तिगत रंजिश के रैंडम तरीके से हत्या कर रहा था. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

(चंदौली से संतोष कुमार जायसवाल की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें: कानपुर: मरीज की मौत के बाद जीवन ज्योति हॉस्पिटल में बवाल, महिला पुलिसकर्मी को पीटा, फाड़ी वर्दी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com