Jeevan Jyoti Hospital Kanpur: कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र स्थित जीवन ज्योति हॉस्पिटल उस वक्त जंग का मैदान बन गया, जब कन्नौज निवासी एक मरीज की उपचार के दौरान मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही ने उनके अपने की जान ली है. सूचना मिलते ही जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने की कोशिश की, तो माहौल और बिगड़ गया. हंगामे की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि भीड़ ने पुलिस टीम पर ही हमला बोल दिया.
पुलिसकर्मियों पर हमला
इस झड़प में सब-इंस्पेक्टर (SI) रुचि अग्रवाल, और सिपाही लवली को गंभीर चोटें आई हैं. बताया जा रहा है कि धक्का-मुक्की और मारपीट में एक दरोगा की वर्दी तक फट गई.
शव पोस्टमार्टम को लेकर शुरू शुरू हुआ विवाद
अस्पताल में बड़ी संख्या में पुलिस बल, घायल महिला सब इंस्पेक्टर और सिपाही, पुलिस पर हमला करने वाले महिलाओं और लोगों को पकड़ कर ले जाती हुई, अस्पताल के बाहर और अंदर क्षेत्र बना छावनी. पुलिस के अनुसार, मामला तब और बढ़ा जब परिजनों के बीच ही शव के पोस्टमार्टम को लेकर आपसी विवाद शुरू हो गया. पुलिस ने जब कानून सम्मत कार्रवाई और पोस्टमार्टम की बात कही, तो लोग भड़क उठे और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता व मारपीट शुरू कर दी.
कई महिलाएं हिरासत में
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पश्चिम और भारी पुलिस बल ने मोर्चा संभाला. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कुछ महिलाओं को हिरासत में लिया है.
कल्याणपुर एसीपी आशुतोष सिंह ने बताया कि "मरीज की मौत के बाद लापरवाही के आरोपों को लेकर परिजनों को समझाया गया था और तहरीर देने को कहा गया था. पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों के आपसी विवाद के बीच पुलिस के साथ अभद्रता की गई है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, खाकी पर हाथ उठाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
भारी पुलिस बल तैनात
फिलहाल अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात है और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है. पुलिस अब उन चेहरों की पहचान कर रही है जिन्होंने कानून को अपने हाथ में लेने की जुर्रत की.
ये भी पढ़ें: रतलाम: जिला मुख्यालय से 7 KM दूर गांव… लेकिन पानी मानो 70 कोस दूर! जूनवालिया में बूंद-बूंद को तरस रहे लोग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं