विज्ञापन

सालभर में 20 मर्डर, 15 रेप... 'कालीन भैया' वाले मिर्जापुर में क्या कहता है क्राइम का ग्राफ?

'मिर्जापुर द मूवी' के कारण यूपी का मिर्जापुर जिला एक बार फिर चर्चा में बना हुआ है. मूवी में क्राइम बहुत दिखाया गया है. ऐसे में जानते हैं कि मिर्जापुर का क्राइम डेटा क्या कहता है?

सालभर में 20 मर्डर, 15 रेप... 'कालीन भैया' वाले मिर्जापुर में क्या कहता है क्राइम का ग्राफ?
मिर्जापुर कभी व्यापार का बड़ा केंद्र हुआ करता था.
Prime Video/NDTV
नई दिल्ली:

इतिहास में मिर्जापुर कारोबार का एक बड़ा केंद्र हुआ करता था. ईस्ट इंडिया कंपनी के दौर में इस जगह का नाम 'मिर्जापुर' रखा गया था. मिर्जापुर शब्द 'मिर्जा' से बना है, जो फारसी के 'अमीरजादा' शब्द से निकला है. इसका शाब्दिक अर्थ होता है- 'राजाओं की जगह' या 'अमीरों का शहर'.

यह जिला दुनिया भर में अपनी कालीन लिए प्रसिद्ध है. लेकिन आज के दौर में मिर्जापुर की एक नई पहचान बन चुकी है- 'कालीन भैया'. वही कालीन भैया, जो पहले 'मिर्जापुर' सीरीज में छाए रहे और अब 'मिर्जापुर: द मूवी' में भी हैं. पंकज त्रिपाठी ने इस किरदार को निभाया है और पूरी कहानी के केंद्र में यही किरदार है, जो खुद को मिर्जापुर का 'बेताज बादशाह' मानता है. सीरीज में दिखाया गया है कि जो मिर्जापुर पर राज करता है, वह पूरे पूर्वांचल और यूपी की सियासत को नियंत्रित करता है.

रील में जुर्म का जाल, असलियत में क्या?

सीरीज और फिल्मों में मिर्जापुर की जो तस्वीर गढ़ी गई है, वह हिंसा, अंधाधुंध हत्याएं, अवैध तमंचे और 'बर्फी' (अफीम/ड्रग्स) के काले कारोबार से भरी है. लेकिन सवाल उठता है कि क्या हकीकत में भी मिर्जापुर ऐसा ही है? क्या वाकई यहां उतना ही जुर्म है, जितना पर्दे पर दिखाया जाता है?

ये वीडियो भी देखें- जब बिहार में 'मुन्ना भैया' का हुआ जोरदार स्वागत

क्या कहते हैं आंकड़े?

मिर्जापुर में अपराध की जमीनी हकीकत जानने के लिए हमने नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) की रिपोर्ट का विश्लेषण किया. NCRB का डेटा पर्दे की इस खौफनाक तस्वीर के बिल्कुल उलट हकीकत बयां करता है.

  • पूरे राज्य का 1% भी नहीं: 2024 में मिर्जापुर में कुल 5,152 मामले दर्ज किए गए, जिनमें से 2,332 मामले गंभीर धाराओं (IPC/BNS) के तहत थे. वहीं पूरे उत्तर प्रदेश में 7,08,399 मामले दर्ज हुए. यानी पूरे प्रदेश के कुल अपराध का सिर्फ 0.7% हिस्सा ही मिर्जापुर में हुआ.
  • गंभीर अपराधों में बेहद पीछे: जिस जिले को 'तमंचों और मर्डर' का गढ़ दिखाया जाता है, वहां सालभर में मर्डर के 20, रेप के 15, अपहरण के 28 और चोरी के 176 मामले ही दर्ज हुए.
  • ड्रग्स और अवैध हथियार: आर्म्स एक्ट के तहत 204 और एंटी-ड्रग्स कानून (NDPS एक्ट) के तहत महज 96 केस दर्ज किए गए.

चौंकाने वाली बात यह है कि जिस मिर्जापुर को पर्दे पर खूंखार दिखाया गया है, वह असल में उत्तर प्रदेश के टॉप 15 सबसे कम अपराध वाले सुरक्षित जिलों में शुमार है.

Latest and Breaking News on NDTV

कैसा है असल मिर्जापुर?

दिल्ली से करीब 650 किमी और धर्मनगरी वाराणसी से महज 67 किमी दूर विंध्य पहाड़ियों की गोद में बसा मिर्जापुर प्राकृतिक और ऐतिहासिक रूप से बेहद समृद्ध है. 2011 की जनगणना के अनुसार यहां की आबादी करीब 24.96 लाख है. 1989 में सोनभद्र के अलग होने से पहले यह उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा जिला हुआ करता था.

ईस्ट इंडिया कंपनी ने मध्य और पश्चिमी भारत के व्यापार को जोड़ने के लिए इस शहर को विकसित किया था, जो बाद में कपास और रेशम का बड़ा व्यापारिक केंद्र बना. आज भी यह जिला यूपी की मजबूत अर्थव्यवस्था का हिस्सा है, जिसकी डिस्ट्रिक्ट जीडीपी 10,266 करोड़ रुपये से अधिक है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mirzapur, Mirzapur : The Movie, Mirzapur News In Hindi, Mirzapur Crime, UP Crime
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com