विज्ञापन
This Article is From Dec 05, 2017

BSP को आशा की नयी किरण दे गया यूपी का नगरीय निकाय चुनाव

उत्तर प्रदेश नगरीय निकाय निर्वाचन में पहली बार अपने चुनाव चिह्न पर मैदान में उतरने का बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का दांव कामयाब हो गया.

BSP को आशा की नयी किरण दे गया यूपी का नगरीय निकाय चुनाव
बसपा सुप्रीमो मायावती (फाइल फोटो)
  • BSP को आशा की नयी किरण दे गया यूपी का नगरीय निकाय चुनाव
  • पार्टी ने मेरठ और अलीगढ़ में महापौर के चुनाव में जीत हासिल की
  • नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में भी बसपा का प्रदर्शन अच्छा रहा
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश नगरीय निकाय निर्वाचन में पहली बार अपने चुनाव चिह्न पर मैदान में उतरने का बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का दांव कामयाब हो गया और इससे लोकसभा तथा विधानसभा चुनाव में करारी हार से बेजार इस पार्टी में नये उत्साह का संचार हुआ है. बसपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि उनकी पार्टी के लिये हाल में हुए नगरीय निकाय चुनाव के परिणाम बेहद उत्साहवर्द्धक हैं. पार्टी ने ना सिर्फ मेरठ और अलीगढ़ में महापौर के चुनाव में जीत हासिल की बल्कि, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में भी उसका प्रदर्शन अच्छा रहा. मालूम हो कि नगरीय क्षेत्रों में बसपा की पकड़ आमतौर पर मजबूत नहीं मानी जाती है. ऐसे में दो महापौर पद जीतना इस पार्टी के लिये खासा मायने रखता है. नेता ने बताया कि बसपा नेतृत्व ने एक रणनीति के तहत निकाय चुनाव में अपने चिह्न पर मैदान में उतरने का निर्णय लिया था. पार्टी आलाकमान का मानना था कि वर्ष 2014 के लोकसभा और इस साल के शुरू में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिली करारी हार से टूटे कार्यकर्ताओं के मनोबल में नयी जान फूंकने के लिये फिर से नये जोश और उत्साह के साथ काम किया जाना चाहिये. इसके लिये जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ बनानी होगी.

यह भी पढ़ें:  यूपी निकाय चुनाव में ओवैसी की पार्टी का शानदार प्रदर्शन, AIMIM ने जीतीं 29 सीटें

हालांकि नगर निकाय चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा लेकिन बसपा ने अपेक्षाकृत मजबूत मानी जा रही सपा समेत सभी विरोधी दलों को चौंकाते हुए मेरठ तथा अलीगढ़ के महापौर पदों पर कब्जा कर लिया. इसके अलावा उसके प्रत्याशियों ने झांसी, आगरा तथा सहारनपुर के महापौर पद के चुनाव में भी भाजपा को कड़ी टक्कर दी. सहारनपुर में तो बसपा के हाथों से जीत महज दो हजार मतों से फिसल गयी.सपा और कांग्रेस प्रदेश में महापौर की 16 में से एक भी सीट नहीं जीत सकीं. जहां भाजपा ने निकाय चुनावों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी. वहीं, बसपा ने अपने प्रान्तीय नेताओं पर ही भरोसा किया था. भाजपा के मुकाबले बसपा के किसी भी बड़े नेता ने प्रचार कार्य में हिस्सा नहीं लिया. पार्टी मुखिया मायावती ने प्रचार कार्य से दूरी बनाये रखी.

यह भी पढ़ें: लोकसभा और विधानसभा के बाद यूपी निकाय चुनाव में भी मोदी-योगी का करिश्‍मा जारी

राजनीतिक प्रेक्षकों के मुताबिक, नगरीय निकाय चुनाव में दलित-मुस्लिम समीकरण ने बसपा को कामयाबी दिलायी है. प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में बसपा का जनाधार बढ़ने से खासकर सपा के लिये मुश्किल खड़ी हो सकती है. पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक नगरीय निकाय चुनाव ने बसपा को एक राह दिखायी है, जो वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बेहद महत्वपूर्ण है. निकाय चुनाव से यह साबित हुआ है कि मतदाता अब भी बसपा को पसंद करते हैं. हालांकि पार्टी दूसरे दलों से सम्मानजनक गठबंधन के दरवाजे अभी बंद नहीं कर रही है.

VIDEO: BSP के पोस्‍टर में अखिलेश-मायावती, पार्टी ने कहा-पोस्‍टर फर्जी
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा अवैध बूचड़खाने बंद किये जाने की वजह से खासकर पश्चिमी इलाकों के प्रभावशाली मांस कारोबारियों ने बसपा का समर्थन किया. पश्चिमी इलाकों में मांस के कारोबार से जुड़े कुरैशी लोगों की खासी तादाद है. माना जा रहा है कि इस बिरादरी समेत ज्यादातर मुसलमानों का वोट बसपा को ही मिला है. 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com