Bulandshahar Murder News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में एक जिम में दनादन गोलीबारी हो गई है, जहां तीन युवकों की मौत हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और खून से लथपथ लोगों को अस्पताल लेकर गई, लेकिन डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था. पुलिस को जांच में पता चला कि आरोपियों में से एक का जन्मदिन था और इसी दौरान मरने वाले युवकों में से एक ने उसके चेहरे पर केक लगा दिया था. इसी बात पर उनके बीच कहा-सुनी हो गई और नौबत गोलीबारी पर आ गई. घटना के बाद आरोपी फरार हैं, लेकिन पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है. इसके अलावा हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीमें लगाई हैं.
दरअसल, बुलंदशहर के खुर्जा में शनिवार-रविवार की रात जिम में चल रही बर्थडे पार्टी में चल रही थी. बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान दोस्तों के बीच केक चेहरे पर लगाने को लेकर मामूली कहासुनी हो गई. देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया.

#WATCH | Bulandshahr, UP | Visuals from the spot where an altercation during a birthday celebration resulted in the death of three men. Investigations are underway to arrest the accused, one of whom was the person for whom the birthday celebrations were organised. (25.04) pic.twitter.com/OAvPhS8yxU
— ANI (@ANI) April 25, 2026
गोलीबारी की आवाज सुन लोगों में मच गई थी दहशत
इसी दौरान अचानक फायरिंग शुरू हो गई और बर्थडे मनाने वाले लड़के ने अपने साथियों के साथ मिलकर जिम के अंदर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर तीन लोगों की जान ले ली, जबकि फायरिंग में कुछ अन्य लोगों के घायल होने की भी आशंका जताई जा रही है. मृतकों की पहचान मनीष, आकाश और अमरदीप के रूप में हुई है. तिहरे हत्याकांड (Triple Murder) के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. आसपास के लोग दहशत में आ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस के आला अधिकारी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को काबू किया.

फॉरेंसिक टीम जुटा रही सबूत
पुलिस ने घटनास्थल पर जांच शुरू कर दी है और तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है. फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो सबूत जुटाने में लगी है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आपसी विवाद अचानक बढ़ा और गुस्से में आकर आरोपियों ने फायरिंग कर दी. घटना के बाद से ही आरोपी मौके से फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. पूरे इलाके में सख्ती बढ़ाई गई है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है.
एसपी ग्रामीण अंतरिक्ष सिंह ने बताया कि अभी देर रात पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि तीन लोगों को गोली लगी है. इस सूचना पर तत्काल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. परिवार ने कुछ नाम बताएं हैं. उसके आधार पर लगातार पुलिस दबिश दे रही है. जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा.
क्या बोले डीआईजी
मेरठ रेंज के DIG कलानिधि नैथानी ने बताया कि शिकायतों और लोगों से पता चला है कि कुछ युवकों के बीच जिम में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था. बताया जा रहा है कि आरोपियों में से एक अपना जन्मदिन मना रहा था. स्थानीय पुलिस आस-पास के इलाके में भी जांच-पड़ताल कर रही है. आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें बनाई गई हैं. CCTV फुटेज की जांच के लिए भी टीमें बनाई हैं. फील्ड यूनिट मौके पर मौजूद है. उन्होंने कुछ सबूत इकट्ठा किए हैं, जिनकी अलग से जांच की जाएगी. फिलहाल, यह जानकारी मिली है कि उनके बीच किसी बात को लेकर असहमति थी, जिसकी वजह से झगड़ा हो गया.
ये भी पढ़ें- पुणे में सैलून के अंदर 6 हमलावरों ने चलाई अंधाधुंध गोलियां; 2 घायल, 2 गिरफ्तार
(बुलंदशहर से जीशान अली की रिपोर्ट)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं