विज्ञापन

'12 मेंस देने के बाद भी खाली हाथ, अब मां ने भी छोड़ दी उम्मीद': यूपी PCS अभ्यर्थी का छलका दर्द

UP PCS Prelims Result Cancelled: यूपी पीसीएस परीक्षा का रिजल्ट अब दोबारा जारी होगा, हाईकोर्ट ने यूपी लोक सेवा आयोग को ऐसा करने का आदेश दिया है. इस फैसले का असर उन सैकड़ों अभ्यर्थियों पर पड़ेगा, जो नौकरी मिलने की उम्मीद लगाए बैठे थे.

'12 मेंस देने के बाद भी खाली हाथ, अब मां ने भी छोड़ दी उम्मीद': यूपी PCS अभ्यर्थी का छलका दर्द
यूपी पीसीएस रिजल्ट रद्द होने पर छलका अभ्यर्थी का दर्द

"पिछले 10 सालों से सिर्फ तैयारी कर रहे हैं, लगातार खुद को खपा रहे हैं और अब उम्मीद टूटती जा रही है..." ये शब्द यूपी PCS का इंटरव्यू दे चुके संतोष पांडेय के हैं, जो चंदौली के रहने वाले हैं. उनका ये दर्द इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस फैसले के बाद छलक रहा है, जिसमें यूपी पीसीएस प्रीलिम्स परीक्षा के रिजल्ट को रद्द करने का फैसला सुनाया गया है. इस फैसले के बाद अब संतोष जैसे सैकड़ों उम्मीदवारों को फिर से मेंस परीक्षा देनी होगी और इंटरव्यू प्रोसेस से गुजरना पड़ेगा. एनडीटीवी ने ऐसे कुछ अभ्यर्थियों से बातचीत की, जिन्होंने बताया कि आयोग की गलती की सजा अब उन्हें भुगतनी पड़ रही है. 

क्या है हाईकोर्ट का फैसला?

हाईकोर्ट ने यूपी पीसीएस परीक्षा के रिजल्ट को रद्द किया है. अब फिर से रिजल्ट जारी होगा और कई उम्मीदवारों को लिस्ट से बाहर किया जाएगा, वहीं कई उम्मीदवार मेंस के लिए क्वालिफाई हो जाएंगे. मामला आरक्षित वर्ग के उन उम्मीदवारों को ओपन कैटेगरी में शामिल नहीं करने का है, जिन्होंने सामान्य वर्ग की कट-ऑफ में क्वालिफाई किया था. इन अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की और फिर ये बड़ा फैसला आया. यूपी पीसीएस भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, यानी मेंस और इंटरव्यू भी लिए जा चुके हैं. ऐसे में इस फैसले का असर हजारों अभ्यर्थियों पर पड़ेगा. 

12 मेंस दे चुके संतोष पांडेय का दर्द

चंदौली के संतोष पांडेय ने हाईकोर्ट के इस फैसले को खुद पर पड़ा वज्रपात बताया है. उन्होंने कहा, "हमारी मानसिक स्थिति क्या है, इसका अंदाजा कोई नहीं लगा सकता है. मैं समीक्षा अधिकारी और पीसीएस मिलाकर अब तक 12 बार मेंस दे चुका हूं, दो बार इंटरव्यू तक पहुंचा. इस फैसले से मैं काफी परेशान हूं. पिछले 10 सालों से मैं भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहा हूं. अब फिर से हमें जीरो से स्टार्ट करना होगा. आयोग के स्तर से पहले ही नियमावली को लेकर क्लियर रखना चाहिए था. अभ्यर्थियों का हित कोई नहीं देख रहा है. कोर्ट को भी इस नियमावाली पर पहले ही ध्यान देना चाहिए था, क्योंकि ये 2020 से लागू है."

'हमने किसी का हक नहीं खाया'

संतोष पांडेय ने आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों की तरफ से उठाए गए सवालों पर कहा, हम लोग अपनी मेहनत करके आए हैं. हमने किसी का हक नहीं खाया है, हम कम्पिटिशन के थ्रू आए हैं, हम लोगों के ऊपर ये वज्रपात की तरह है. हमें समझ नहीं आ रहा है कि क्या करें. जिस समय लोग शादी और त्योहार अटेंड करते हैं, उस वक्त हम लोग बंद कमरे में लगातार तैयार कर रहे होते हैं. 

परिवार से भी हुए उपेक्षित

पिछले 10 सालों से लगातार रिजेक्शन का सामना कर रहे संतोष ने रुंधे गले से बताया कि उनके परिवार ने भी अब उम्मीद छोड़ दी है. उन्होंने कहा, "शुरुआत में तो घरवाले थोड़ा बहुत सम्मान देते थे, समाज से भी सम्मान मिलता था...लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता है ना, आप पूरी तरह से उपेक्षित हो जाते हैं. मेरी मां मुझसे कह रही है कि तुम ये सब छोड़ दो और कोई प्राइवेट जॉब पकड़ लो. उन्हें क्या पता कि पिछले 10 सालों में हमने क्या-क्या झेला है. पिता जी को छोड़कर मेरे पक्ष में कोई नहीं है, जिस दिन वो भी हार मान लेंगे, मुझे कोई नौकरी करनी पड़ेगी. हम साधारण परिवार से आते हैं, ऐसे में कहीं और से उम्मीद भी नहीं है."

'गीता के सिद्धांत पर कर रहा हूं काम'

अभ्यर्थी संतोष ने कहा कि वो अगले महीने होने वाली यूपी पीसीएस परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं. इसके अलावा जनवरी में बीपीएससी का एग्जाम है, उसके लिए भी तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने बताया, "जब आप निरंतर असफल होते रहते हैं तो आप गीता के सिद्धांत पर काम करने लगते हैं, जो कहता है- 'कर्मण्य वाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन'... यानी कर्म करते जाओ, फल की इच्छा मत करो. मैंने जब भी उम्मीद जताई तो हमेशा निराशा हाथ लगी. समीक्षा अधिकारी का मेंस का रिजल्ट इस बार आना था, इसमें मैंने कहीं कोई कमी बाकी नहीं छोड़ी. इसमें भी नहीं हुआ, जब कॉपी आयोग गए तो बताया कि हम कॉपी नहीं दिखा सकते हैं, क्योंकि मामला विवादित है, पेंडिग है तो आपकी कॉपी नहीं दिखा सकते हैं.  आयोग और कोर्ट की खींचातानी में हमारा नुकसान ही नुकसान हो रहा है."

उन्होंने कहा कि, मैंने 12 बार मेंस दिया है, इसके लिए मुझे कोई भारत रत्न नहीं मिल जाएगा. आखिर में हमें फेल ही समझा जाएगा और करने के लिए कुछ नहीं बचेगा. ये खुशी मनाने की बात नहीं है, अभ्यर्थियों को एकजुट होकर समझना पड़ेगा कि इसमें अभ्यर्थी का नुकसान हो रहा है. 

भर्ती के इंतजार में नहीं हो रही शादी

संतोष पांडेय ने बताया कि उनके अलावा कई ऐसे अभ्यर्थी हैं, जिनका भर्ती के इंतजार में हर तरह से नुकसान हो रहा है. कई लोगों की तो बेरोजगारी के चलते शादी तक नहीं हो रही है. हमारा भी यही हाल है. उन्होंने बताया कि उनके कुछ जानकार ऐसे भी हैं, जिनके रिश्ते तय हो गए और वो टूट गए. उन्होंने कहा कि हमारी तरह कई लोग निराश और हताश हो चुके हैं. 

यह भी पढ़ें | क्यों रद्द हो गया यूपी PCS परीक्षा का रिजल्ट? रवि, प्रकाश, नेहा और पूजा के उदाहरण से समझिए

यह भी पढ़ें | नोएडा के नए पुलिस कमिश्नर जे रविंदर गौड कौन हैं? इन बड़े जिलों में किया काम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP PCS Prelims Result Cancelled, UP PCS Prelims Result Cancellation News, UP PCS Aspirant, UP PCS Exam
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com