अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) से जुड़े एक कथित ब्लैकमेलिंग मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. आरोप है कि कुछ लोग डेटिंग ऐप के जरिए युवकों से संपर्क करते थे, उन्हें मुलाकात के लिए बुलाते थे और फिर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते थे. मामले में पुलिस ने AMU के BBA छात्र शहजिल शाह खान को गिरफ्तार किया है.
डेटिंग ऐप के जरिए बनाते थे संपर्क
पुलिस के अनुसार आरोपी सबसे पहले डेटिंग ऐप के माध्यम से युवकों से दोस्ती करते थे. बातचीत बढ़ाने के बाद उन्हें मिलने के लिए बुलाया जाता था. आरोप है कि मुलाकात के दौरान गुप्त रूप से वीडियो बनाए जाते थे. इसके बाद इन्हीं वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पीड़ितों से पैसे मांगे जाते थे. डर और बदनामी की आशंका के कारण कई युवक उनके झांसे में आ गए.
26 युवकों को बनाया गया निशाना
पुलिस के प्रेस नोट के मुताबिक इस कथित गिरोह ने करीब 26 युवकों को अपना शिकार बनाया. जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने ब्लैकमेलिंग के जरिए लगभग 7 लाख रुपये की वसूली की. मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है.
कई आरोपियों के खिलाफ मुकदमा
पुलिस ने इस मामले में मन्नान, भोला, ऑगी समेत एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है. फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल थे.
AMU प्रशासन ने भी लिया एक्शन
मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी कदम उठाए हैं. गिरफ्तार BBA छात्र शहजिल शाह खान को निलंबित कर दिया गया है. इसके अलावा संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े कमरों को सील कर दिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है. यह पता लगाया जा रहा है कि अब तक कितने लोगों को निशाना बनाया गया और वसूली की रकम कितनी है. साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है.
यह भी पढ़ें- IPS भानु प्रताप सिंह की लव स्टोरी: जिस पूजा ने घर से भागकर की शादी, अब वो खोल रही राज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं