विज्ञापन

अखिलेश यादव ने जहां पी चाय, वहीं फूड विभाग ने मारा छापा! दबंगों ने भी दुकानदार से की मारपीट

फतेहपुर में उस चाय की दुकान पर विवाद खड़ा हो गया, जहां समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने रुककर चाय पी थी. आरोप है कि इसके बाद फूड सेफ्टी विभाग ने दुकान पर छापा मारा और कुछ दबंगों ने दुकानदार व उसके परिवार के साथ मारपीट की.

अखिलेश यादव ने जहां पी चाय, वहीं फूड विभाग ने मारा छापा! दबंगों ने भी दुकानदार से की मारपीट

Akhilesh Yadav Tea Shop Raid: फतेहपुर जिले के एक छोटे से चौराहे पर बनी चाय की दुकान अचानक सुर्खियों में आ गई, जब समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने वहां रुककर चाय पी थी. लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने दुकानदार की जिंदगी मुश्किल कर दी. आरोप है कि चाय पीने की इस घटना के बाद फूड सेफ्टी विभाग ने उस दुकान पर छापा मार दिया और फिर दबंगों ने पहुंचकर दुकानदार और उसके परिवार के साथ मारपीट भी की. इस पूरे मामले ने प्रशासन, राजनीति और कानून‑व्यवस्था को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं.

यह मामला फतेहपुर जिले के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र का है. खागा तहसील के चौकी चौराहा पर स्थित एक पुरानी और मशहूर चाय की दुकान इन दिनों चर्चा का केंद्र बनी हुई है. यही वह दुकान है, जहां 20 फरवरी को अखिलेश यादव अपने काफिले के साथ रुके थे और कुल्हड़ वाली चाय पी थी.

अखिलेश यादव के दौरे के बाद बदला माहौल

दुकानदार के अनुसार, अखिलेश यादव के चाय पीने के बाद उसकी दुकान पर लोगों की भीड़ बढ़ने लगी. लेकिन इसी बात से कुछ स्थानीय विपक्षी नेता नाराज हो गए. आरोप है कि इसके बाद ही दुकानदार को परेशान करने का सिलसिला शुरू हुआ और आए दिन किसी न किसी वजह से उसकी दुकान पर दबाव बनाया जाने लगा.

फूड सेफ्टी विभाग की छापेमारी

दुकानदार का कहना है कि दो दिन पहले फूड सेफ्टी विभाग की टीम उसकी दुकान पर पहुंची और चाय के सैंपल भरकर ले गई. अधिकारियों ने दुकान की साफ‑सफाई और चाय बनाने के तरीके की जांच की. इस दौरान एल्युमिनियम के बर्तनों के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई गई और चेतावनी दी गई कि नियमों का पालन न होने पर दुकान सील की जा सकती है.

‘रूटीन चेकिंग' या दबाव की कार्रवाई?

फूड विभाग के अधिकारियों ने इस कार्रवाई को नियमित जांच बताया है. हालांकि दुकानदार के बेटे आर्यन यादव का कहना है कि उनकी दुकान करीब 35 साल पुरानी है और इतने वर्षों में पहली बार इस तरह की जांच हुई है. उनका आरोप है कि अखिलेश यादव के चाय पीने के बाद ही यह सब शुरू हुआ.

दबंगों ने की मारपीट, पैसा भी ले गए

मामला यहीं नहीं रुका. शुक्रवार को कुछ दबंग युवक दुकान में घुस आए और दुकानदार आर्यन, उसके पिता, बहन और महिलाओं के साथ मारपीट की. आरोप है कि हमलावरों ने अभद्र व्यवहार किया और दुकान में रखा पैसा भी लूट लिया. इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है. आर्यन के पिता शेषमणि यादव ने बताया कि हमलावरों ने न सिर्फ मारपीट की, बल्कि महिलाओं के साथ बदसलूकी भी की. परिवार का कहना है कि वे लगातार डर के साए में जी रहे हैं और मानसिक रूप से टूट चुके हैं.

सोशल मीडिया पर दर्द बयां किया

परेशान दुकानदार ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर अपना दर्द बयां किया. उसने लिखा कि उसे लगातार परेशान किया जा रहा है और अब वह दुकान बंद करके परिवार के साथ गांव छोड़ने को मजबूर है. यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गई.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

मारपीट की शिकायत पर सुल्तानपुर घोष थाना पुलिस ने जरजीस अहमद, कयूम, यासीन अहमद, जावेद अहमद समेत अन्य लोगों के खिलाफ बीएनएस की कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

इलाके में चर्चा और सियासी हलचल

इस पूरे घटनाक्रम के बाद इलाके में चर्चा तेज है. कुछ लोग इसे सामान्य प्रशासनिक कार्रवाई बता रहे हैं, तो कुछ का मानना है कि चाय की दुकान का राजनीतिक रूप से चर्चित होना ही उसके लिए मुसीबत बन गया. सोशल मीडिया पर भी अखिलेश यादव के साथ‑साथ फूड सेफ्टी विभाग की छापेमारी का वीडियो वायरल हो रहा है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com