विज्ञापन

अतिक्रमण हटाओ दस्ते से बचने के लिए ठेला लेकर गंगा में उतरा दुकानदार, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

हरिद्वार में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान एक दुकानदार ठेला जब्त होने के डर से गंगा नदी में उतर गया. ठेला लेकर तेज बहाव में नदी पार करते दुकानदार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ.

अतिक्रमण हटाओ दस्ते से बचने के लिए ठेला लेकर गंगा में उतरा दुकानदार, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

Haridwar Ganga River Viral Video: हरिद्वार में अतिक्रमण हटाने के दौरान एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. ठेला जब्त होने के डर से एक दुकानदार ऐसा कदम उठा बैठा, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोग भी सन्न रह गए. दुकानदार अपनी ठेला बचाने के लिए सीधे गंगा नदी में उतर गया. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

चार धाम और कांवड़ यात्रा से पहले सख्ती

आगामी चार धाम यात्रा, कांवड़ यात्रा और कुंभ को देखते हुए हरिद्वार में जिला प्रशासन और नगर निगम संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चला रहे हैं. इस अभियान के तहत सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर लगे ठेले‑खोमचे और अस्थायी दुकानों को हटाया जा रहा है. कई जगहों पर अतिक्रमण करने वालों का सामान जब्त किया जा रहा है.

ठेला जब्ती से बचने की कोशिश

इसी अभियान के दौरान नगर क्षेत्र में प्रशासनिक टीम जब एक ठेला को हटाने और जब्त करने पहुंची, तो ठेला संचालक घबरा गया. सामान जब्त होने के डर से उसने जल्दबाजी में अपनी ठेला को उठाया और गंगा किनारे की ओर भाग गया. किसी को कुछ समझ में आता, उससे पहले वह अपने एक साथी के साथ ठेला लेकर सीधे गंगा में उतर गया.

तेज बहाव में ठेला लेकर नदी पार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकानदार गंगा की तेज धारा में ठेला संभालते हुए धीरे‑धीरे आगे बढ़ने लगा. मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं. कई लोगों ने उसे ऐसा करने से मना किया और बाहर आने की आवाज भी लगाई, लेकिन दुकानदार अपनी ठेला बचाने की जिद पर अड़ा रहा.

वीडियो हुआ सोशल मीडिया पर वायरल

इस दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरा दृश्य अपने मोबाइल में कैद कर लिया. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दो युवक ठेला के साथ गंगा की तेज धारा में उतरकर नदी पार कर रहे हैं. यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है और लोग इसे देखकर हैरानी जता रहे हैं. गनीमत यह रही कि इस घटना के दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ. दुकानदार अपने साथी के साथ ठेला समेत सुरक्षित दूसरे किनारे पहुंच गया. वहां से वह ठेला लेकर अपने घर की ओर चला गया. घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, जिससे प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली.

लापरवाही पर सवाल

इस घटना के बाद प्रशासन की सख्ती के साथ‑साथ दुकानदार की लापरवाही पर भी सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि थोड़ी सी चूक बड़ा हादसा बन सकती थी. फिलहाल यह वीडियो चेतावनी भी है कि नियमों की अनदेखी और डर में लिया गया गलत फैसला कितना खतरनाक हो सकता है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com