विज्ञापन

‘डबल इंजन-डबल रफ्तार’ पर अखिलेश का वार, बोले-काशी में डबल जीरो, डबल हार

वाराणसी में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के जाने पर ही बनारस मुस्कुराएगा और सपा सरकार बनने पर शहर में मेट्रो बनाने का वादा किया.

‘डबल इंजन-डबल रफ्तार’ पर अखिलेश का वार, बोले-काशी में डबल जीरो, डबल हार
वाराणसी में अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोला है.
  • भाजपा के जाने पर बनारस मुस्कुराएगा और समाजवादी पार्टी की सरकार में वाराणसी में मेट्रो का निर्माण होगा
  • वाराणसी की यातायात समस्या और भाजपा सरकार द्वारा भेदभाव का आरोप लगाते हुए सुधार की जरूरत पर जोर दिया
  • अखिलेश यादव ने दिवंगत सपा नेता राजेश यादव के आवास जाकर श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार से संवेदना व्यक्त की

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को वाराणसी पहुंचकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि काशी की जनता ने विधान परिषद चुनाव में भाजपा को दोहरी हार का संदेश दिया है. जो लोग डबल इंजन और डबल रफ्तार विकास की बात करते थे, उन्हें बनारस में जनता ने डबल हार और डबल जीरो दिया है.

भाजपा पर साधा निशाना

अखिलेश ने कहा कि भाजपा के जाने पर ही बनारस मुस्कुराएगा. उन्होंने वादा किया कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर वाराणसी में मेट्रो का निर्माण कराया जाएगा. एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी की जीत के बाद पहली बार काशी पहुंचे अखिलेश यादव का लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया.

पार्टी की जीत का किया जिक्र

एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि विधान परिषद चुनाव में पार्टी के नेताओं आशुतोष सिन्हा और लाल बिहारी यादव की जीत ने भाजपा के दावों की हकीकत सामने ला दी है. जनता ने भाजपा को नकारने का काम किया है. सपा अध्यक्ष ने वाराणसी की यातायात व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर में जाम की समस्या लगातार बनी हुई है. भाजपा सरकार इसे सुधारने में नाकाम रही है. काशी के साथ भेदभाव किया जा रहा है.

मेट्रो और विकास परियोजनाओं पर कही बात

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर वाराणसी में मेट्रो लाकर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा. इससे शहर के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी. अखिलेश यादव ने रोपवे और अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने सवाल उठाया कि इन परियोजनाओं के सहारे पूरे पूर्वांचल को जीतने की बात कही जा रही है.

किसानों और युवाओं के मुद्दे उठाए

उन्होंने कहा कि सबसे पहले धोखा देने वाले लखनऊ वाले ही हैं. सपा प्रमुख ने किसानों की समस्याओं, बेरोजगारी और शहर में गंदगी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार के जाने के बाद नौजवानों, किसानों समेत सभी वर्गों के लिए खुशहाली का रास्ता खुलेगा. इसके बाद अखिलेश यादव डाफी स्थित सपा नेता रहे दिवंगत राजेश यादव नत्थू के आवास पहुंचे. वहां उन्होंने राजेश यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनकी पत्नी चंदा यादव सहित परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की. इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे. अखिलेश ने वहां मौजूद लोगों से मुलाकात भी की.

यह भी पढ़ें | अखिलेश की 'ना' और कांग्रेस बढ़ा रही हाथ, स्वामी प्रसाद मौर्य पर गठबंधन में क्यों नहीं बन पा रही बात

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Akhilesh Yadav, Samajwadi Party, Varanasi News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com