विज्ञापन

130 के जवाब में 26 का 'झटका'! क्या सामाजवादी पार्टी कांग्रेस को जमीनी हकीकत का दे रही संदेश? 

उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर मंथन तेज हो गया है. सूत्रों के अनुसार कांग्रेस ने 130 सीटों की सूची सौंपी तो जवाब में सपा ने 26 सीटों का प्रस्ताव दिया, जिससे राजनीतिक हलकों में नई चर्चा शुरू हो गई.

130 के जवाब में 26 का 'झटका'! क्या सामाजवादी पार्टी कांग्रेस को जमीनी हकीकत का दे रही संदेश? 
यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और सपा में सीटों को लेकर लगातार चर्चा हो रही है.
  • कांग्रेस ने 180 से घटाकर 130 सीटों की सूची सपा को दी थी, जबकि समाजवादी पार्टी ने 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है
  • सपा के इस प्रस्ताव से कांग्रेस नेता नाराज हैं और वे इसे कांग्रेस को कमजोर करने की रणनीति मान रहे हैं
  • सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच तनाव बना हुआ है और गठबंधन के सीट फॉर्मूले पर अभी अंतिम निर्णय बाकी है

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बैठकों का सिलसिला जारी है, लेकिन रोजाना हर बैठक में दिलचस्प ट्विस्ट देखने को मिल रहा है. कल दिल्ली में हुई बैठक में कांग्रेस ने 180 से घटकर 130 सीटों की सूची समाजवादी पार्टी को सौंपी थी, लेकिन उस वक्त समाजवादी पार्टी के नेताओं ने अखिलेश यादव से चर्चा करने और फिर जवाब देने की बात कहकर फैसला टाल दिया था. आज जब दूसरे चरण की बैठक हुई तो जवाब में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को 2022 विधानसभा चुनाव के आंकड़ों का हवाला देते हुए 26 सीटों की सूची दे दी. ऐसा जानकारों ने बताया.

उच्च सूत्रों के मुताबिक समाजवादी पार्टी ऐसा करके कांग्रेस पार्टी को उत्तर प्रदेश की जमीनी हकीकत दिखाना चाहती है. कहीं न कहीं इन 26 सीटों का दांव एक तरह का संदेश है कांग्रेस पार्टी के लिए, ताकि उसे कम सीटों पर लाया जा सके. हालांकि समाजवादी पार्टी के 26 सीटों के प्रस्ताव पर कांग्रेस नेता हैरान और नाराज हैं. कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने जवाब देते हुए कहा, "क्या हम भीख मांग रहे हैं सपा से?" वहीं रामगोपाल यादव ने बैठक के बाद खुद कमजोर सीटों का जिक्र कर दिया.

इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे की कहानी काफी दिलचस्प होती जा रही है. एक ओर जो मामला 180 सीटों से शुरू हुआ था, वह अब 130 बनाम 26 सीटों के अंकगणित में उलझता दिख रहा है. दरअसल, कांग्रेस 2017, 2022 और 2024 के चुनावी परिणामों तथा सीटवार अपने प्रदर्शन के आधार पर सीट शेयरिंग का दावा और दबाव बनाती दिख रही है. वहीं जवाब में समाजवादी पार्टी ने आज की बैठक में 26 सीटों का जो प्रस्ताव दिया, उससे साफ होता दिख रहा है कि समाजवादी पार्टी कांग्रेस को उसकी जमीनी स्थिति और आंकड़ों का तथ्यात्मक पक्ष दिखाकर यह बताने की कोशिश कर रही है कि उसका वास्तविक जनाधार क्या है.

सपा सूत्रों के मुताबिक यह एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है, जिसे समाजवादी पार्टी कांग्रेस पर इस्तेमाल करना चाहती है. बैठक में बड़े नेताओं के साथ डेटा एनालिस्ट को लाना भी एक तरह का दबाव बनाने की कोशिश माना जा रहा है, जो सपा करती दिखाई दे रही है.

कौन-सी हैं वे सीटें, जो सपा ने ऑफर कीं?

रामपुर खास, फरेंदा, मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर, किदवई नगर, बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, मांट, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राम-मल्लावां, गोविंद नगर, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा और वाराणसी कैंट.

इन 26 सीटों की इनसाइड स्टोरी

समाजवादी पार्टी ने जो 26 सीटें कांग्रेस के सामने रखी हैं, उनमें केवल दो सीटें ऐसी हैं जहां कांग्रेस को जीत हासिल हुई थी. ये सीटें रामपुर खास और फरेंदा हैं. बाकी अधिकांश सीटों पर कांग्रेस तीसरे, चौथे या पांचवें स्थान पर रही थी. कई सीटें ऐसी भी हैं जहां 2022 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 500 से भी कम वोट मिले थे. वहीं ये वे सीटें हैं जहां भाजपा का अच्छा प्रदर्शन रहा और वह चुनाव जीतने में सफल रही.

इन 26 सीटों में से 10 सीटें ऐसी हैं जहां पिछली बार समाजवादी पार्टी का उम्मीदवार नहीं था. जबकि एक सीट पर समाजवादी पार्टी के टिकट पर स्वामी प्रसाद मौर्य चुनाव लड़े थे, जो अब पार्टी छोड़ चुके हैं.

समाजवादी पार्टी के इस प्रस्ताव के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सपा कांग्रेस को कमजोर सीटें देना चाहती है या फिर वे सीटें जहां मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच हो. वहीं हमारे सूत्र इसे एक राजनीतिक संदेश बता रहे हैं, जो समाजवादी पार्टी कांग्रेस को देना चाहती है ताकि सीट शेयरिंग में कांग्रेस अपनी मांग और कम कर दे.

हालांकि इस पूरे मामले पर कांग्रेस फिलहाल वेट एंड वॉच की स्थिति में है. सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस इस बात को समझ रही है कि समाजवादी पार्टी दबाव बनाने की कोशिश कर रही है और ऐसी सीटें देना चाहती है जहां कांग्रेस कमजोर तथा भाजपा मजबूत है. लेकिन फिलहाल कांग्रेस पार्टी सीट शेयरिंग को लेकर मजबूती से अपनी बात रखना चाहती है. ऐसे में सीट शेयरिंग का रास्ता आसान होता नहीं दिख रहा है. अब सभी निगाहें इंडिया गठबंधन के सीट शेयरिंग फॉर्मूले पर टिकी हुई हैं.

यह भी पढ़ें | UP चुनाव: सपा-कांग्रेस सीट बंटवारे को लेकर दूसरी बैठक पूरी, आधी सीटों पर हुई चर्चा; जानें किसने क्या कहा?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Up Election 2027, Samajwadi Party, Samajwadi Party - Congress
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com