विज्ञापन

यह शर्म की बात... UP के IPS ने मां की मौत मामले में चल रहे दावों को बताया फर्जी, निष्पक्ष जांच की मांग

IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां में पुलिस जहां कार्डियक अरेस्ट की बात कह रही है वहीं IPS अधिकारी ने मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है.

यह शर्म की बात... UP के IPS ने मां की मौत मामले में चल रहे दावों को बताया फर्जी, निष्पक्ष जांच की मांग
IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां मौत का मामला अब नया मोड ले रहा है.

उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर में IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की 95 वर्षीय मां इंद्रा देवी की मौत का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है. शुरुआती दौर में इस घटना को हत्या से जोड़कर देखा गया था, जिसके बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया था. अब इस मामले में खुद आशुतोष मिश्रा ने सामने आकर कई सवाल उठाए हैं और मौत को संदिग्ध बताया है.

यह मामला मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा गांव का है. 16 अगस्त को इंद्रा देवी का शव उनके घर के अंदर मिला था. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई. चूंकि मृतका एक वरिष्ठ IPS अधिकारी की मां थीं इसलिए मामले ने जल्द ही संवेदनशील रूप ले लिया.

आशुतोष मिश्रा ने क्या कहा?

16 अगस्त को परिजनों ने देखा कि माताजी घर में पड़ी हुई थीं. उनके मुंह के पास एक तौलिया पड़ा था और उनके सभी आभूषण गायब थे. इसकी जानकारी मुझे मेरे चाचाजी ने दी. सूचना मिलते ही मैं अपनी बहन के साथ तुरंत यहां पहुंचा.

जब मैंने माताजी को देखा तो उनके मुंह पर चोट के निशान दिखाई दिए और जो तौलिया वहां पड़ा था, उस पर खून लगा हुआ था. यह देखकर हमें लगा कि कोई गंभीर घटना हुई है. इसके बाद हमने विधिक कार्रवाई के लिए आवेदन दिया ताकि उनकी मौत के वास्तविक कारण का पता चल सके.

उस समय हम सभी माताजी के अंतिम संस्कार और अन्य पारिवारिक कार्यों में व्यस्त थे. इसी दौरान हमें चारों तरफ से फोन आने लगे. लोगों ने बताया कि खबरें चल रही हैं कि सारा गहना बरामद हो गया है और माताजी की मौत हार्ट अटैक से हुई थी.

मैंने कभी कोई कहानी नहीं बताई. मैंने सिर्फ वही बातें बताई हैं जो मैंने अपनी आंखों से देखीं और जो तथ्य हमारे सामने थे.  हमे शर्म आती है कि इस तरह के लोग प्रेस में आकर इस तरह कि हरकत करते हैं.

मुझे एक आईपीएस अधिकारी होते हुए भी इतनी सफाई देनी पड़ रही है. ऐसे में आम लोगों के साथ क्या होता होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है. मीडिया संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों को इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि बिना किसी ठोस प्रमाण के इस तरह की खबरें कैसे प्रकाशित या प्रसारित की जा रही हैं.

यदि कोई गहना बरामद हुआ होता तो हम स्वयं इसकी सूचना पुलिस को देते. अगर कोई सामान हमारे घर पर मिला होता तो उसे छिपाने का कोई सवाल ही नहीं उठता. इसलिए बिना तथ्यों और प्रमाणों के इस प्रकार की खबरें चलाना ठीक नहीं है."

पुलिस का दावा, मौत कार्डियक अरेस्ट से हुई

दूसरी ओर अंबेडकर नगर पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या के कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं. पुलिस के अनुसार इंद्रा देवी की मौत कार्डियक अरेस्ट के कारण हुई. इसी आधार पर एसपी अंबेडकर नगर ने पहले हत्या के दावों को खारिज किया था. आशुतोष मिश्रा ने कहा कि उन्होंने इस मामले को लेकर एडीजी और डीआईजी स्तर के अधिकारियों से बातचीत की है. उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष टीम लगाए जाने की मांग की है.

यह भी पढ़ें- UP में IPS आशुतोष मिश्रा की मां की हत्या, अंबेडकर नगर में घर में मिली लाश, शरीर पर के जेवर गायब

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ambedkar Nagar, IPS Ashutosh Mishra Mother Death,  UP News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com