विज्ञापन

अमिताभ बच्चन ने शेयर किया ‘खाकी का सितारा’, शंकर महादेवन की आवाज-संगीत ने बांधा समां

उत्तर प्रदेश पुलिस का पहला आधिकारिक एंथम ‘खाकी का सितारा’ इन दिनों चर्चा में है. 17 अगस्त को इसका पूरा 6.5 मिनट का वीडियो यूट्यूब पर जारी किया गया.

अमिताभ बच्चन ने शेयर किया ‘खाकी का सितारा’, शंकर महादेवन की आवाज-संगीत ने बांधा समां
अमिताभ बच्चन ने शेयर किया ‘खाकी का सितारा’
NDTV

उत्तर प्रदेश पुलिस का पहला आधिकारिक एंथम ‘खाकी का सितारा' इन दिनों चर्चा में है. 17 अगस्त को इसका पूरा 6.5 मिनट का वीडियो यूट्यूब पर जारी किया गया. एंथम को खास पहचान तब मिली, जब महानायक अमिताभ बच्चन ने यूपी पुलिस के पोस्ट को साझा करते हुए खाकी के जवानों को अपने खास अंदाज में सलाम किया. अमिताभ बच्चन ने लिखा, “कुछ सितारे आसमान में चमकते हैं… कुछ खाकी पहनकर ज़मीन पर. ख़ाकी का सितारा.”

‘खाकी का सितारा' में अमिताभ बच्चन की प्रभावशाली आवाज सुनाई देती है, वहीं पद्मश्री शंकर महादेवन ने इसे अपनी आवाज देने के साथ संगीत भी दिया है. गीत के बोल जाने-माने कवि और गीतकार आलोक श्रीवास्तव ने लिखे हैं. एंथम में अभिनेता करण आनंद ने भी अभिनय किया है और पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आए हैं. करण आनंद इससे पहले ‘किक', ‘गुंडे' और ‘जाइए आप कहां जाएंगे' जैसी फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं. ‘खाकी का सितारा' में उनका खाकी वर्दी वाला अंदाज एंथम की कहानी का अहम हिस्सा है.

महाकुंभ से स्वतंत्रता दिवस तक शूट हुआ एंथम

‘खाकी का सितारा' सिर्फ बड़े नामों से जुड़ा एंथम नहीं है, बल्कि इसे तैयार करने का सफर भी खास रहा है. इसकी शूटिंग महाकुंभ 2025 से शुरू होकर स्वतंत्रता दिवस 2026 तक अलग-अलग मौकों पर की गई. वीडियो में महाकुंभ की पुलिस व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, तकनीक, आपदा एवं राहत कार्य और जनसेवा जैसे कई पहलुओं को दिखाया गया है.

एंथम में खाकी का सिर्फ सख्त चेहरा नहीं, बल्कि उसका संवेदनशील पहलू भी सामने आता है. त्योहारों पर ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों से लेकर मुश्किल वक्त में लोगों की मदद के लिए सबसे पहले पहुंचने वाले जवानों तक, वीडियो पुलिस की अलग-अलग भूमिकाओं को दिखाता है. इसकी अवधारणा और रचनात्मक निर्देशन यूपी पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी राहुल श्रीवास्तव, आईपीएस ने किया है और वह इसके सह-गीतकार भी हैं.

शंकर महादेवन ने बताया खास अनुभव

14 अगस्त को लखनऊ के लोक भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘खाकी का सितारा' का लोकार्पण किया था. इस मौके पर शंकर महादेवन, नाना पाटेकर, आलोक श्रीवास्तव और करण आनंद समेत फिल्म और संगीत जगत से जुड़े लोग मौजूद थे.

शंकर महादेवन ने एंथम से जुड़ने को अपने जीवन के खास अनुभवों में से एक बताया. उन्होंने इसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पूरे यूपी पुलिस परिवार को समर्पित किया. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने एंथम की पंक्तियां “सुरक्षा आपकी, संकल्प हमारा” और “हम डटे रहे, हम खड़े रहे, चट्टानों जैसे अड़े रहे” भी सुनाईं. अमिताभ बच्चन के इसे सोशल मीडिया पर साझा करने के बाद ‘खाकी का सितारा' एक बार फिर चर्चा में आ गया है. एंथम में संगीत और अभिनय के जरिए खाकी के साहस, सेवा और संवेदनशीलता को सामने लाने की कोशिश की गई है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP Police, Amitabh Bachchan, Shankar Mahadevan, Yogi Adityanath, Bollywood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com