आगरा में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों को तार-तार कर दिया है. इस घटना का खुलासा होने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. एक कलयुगी पत्नी ने अपने पति की हत्या कर उसका शव घर के ही बाथरूम में दफन कर दिया और बाहर उसके लापता होने की झूठी कहानी फैला दी. आरोपी पत्नी लगातार सबको गुमराह करती रही और पति की तलाश में जुटे रहने का नाटक करती रही.
महिला का यह नाटक एक-दो दिन नहीं, बल्कि करीब 45 दिनों तक चलता रहा. जब मृतक के भाई को अपनी भाभी पर शक हुआ, तो उसने पूछताछ की, लेकिन वह तब भी उसे गुमराह करती रही. इसके बाद मृतक के भाई की शिकायत पर जब पुलिस ने कड़ाई से जांच की और पत्नी से पूछताछ की, तो रोंगटे खड़े कर देने वाला सच सामने आ गया. पुलिस ने बाथरूम का फर्श तोड़कर शव बरामद कर लिया है और आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है.
बाथरूम में शव दफनाकर करवा दिया था प्लास्टर
यह मामला आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र के प्राक्षी टॉवर का है. करीब डेढ़ महीने से लापता चल रहे सुरेंद्र शर्मा की गुमशुदगी का राज तब खुला, जब उनकी पत्नी रूबी ने खुद स्वीकार किया कि उसने पति के शव को बाथरूम के फर्श के नीचे दफना दिया था और बाद में उस पर प्लास्टर भी करवा दिया था.
जानकारी के अनुसार, 26 मई 2026 को सुरेंद्र शर्मा की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना सिकंदरा में दर्ज कराई गई थी. पुलिस जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था. पुलिस और परिजन लगातार सुरेंद्र की तलाश में जुटे थे.
भाई के दबाव बनाने पर खुला राज
मामले में नया मोड़ तब आया, जब मृतक के भाई अनिल शर्मा लगातार रूबी से सुरेंद्र के बारे में पूछते रहे. हर बार रूबी यही कहती थी कि सुरेंद्र किसी काम से बाहर गए हैं और जल्द ही लौट आएंगे. लेकिन जब अनिल शर्मा ने लगातार सवाल किए और सच्चाई जानने का दबाव बनाया, तब रूबी टूट गई और उसने पूरा राज उगल दिया. उसने बताया कि सुरेंद्र का शव घर के बाथरूम के नीचे दफन है और ऊपर से नया प्लास्टर करा दिया गया है.
यह सुनते ही मृतक के भाई ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने बाथरूम का फर्श तोड़कर शव बरामद किया. एसीपी हरिपर्वत अमीषा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला द्वारा पति के शव को बाथरूम में दफनाने की बात सामने आई है. फिलहाल आरोपी पत्नी रूबी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सुरेंद्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- IPS केके बिश्नोई ने UP की मिट्टी में मिलाए 7 माफिया, 800 करोड़ की संपत्ति सीज, भाई-बहन बने अफसर, पत्नी भी SP
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं