विज्ञापन

विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर दिल्ली में ठगी करने वाले नोएडा जाकर बन गया ज्योतिषी, आखिर पकड़ा गया

दिल्ली पुलिस के मुताबिक भारत मिश्रा के खिलाफ इससे पहले कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड दर्ज नहीं है. फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि गिरोह के बाकी फरार सदस्यों को पकड़ा जा सके.

विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर दिल्ली में ठगी करने वाले नोएडा जाकर बन गया ज्योतिषी, आखिर पकड़ा गया
अब ठग पुलिस की गिरफ्त में है.
  • दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने विदेश में नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है
  • आरोपियों ने 27 युवाओं से करीब 19 लाख रुपये वसूल कर फर्जी वीजा और हवाई टिकट थमाए थे
  • मुख्य आरोपी भारत मिश्रा ने अपनी पहचान बदलकर नोएडा में ज्योतिषी बनकर छिपने का प्रयास किया था

विदेश में नौकरी का  सपना देख रहे बेरोजगार युवाओं को चूना लगाने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है. दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जो अपनी पहचान बदलकर नोएडा में ज्योतिषी बनकर रह रहा था. भारत मिश्रा उर्फ प्रीतम कुमार मिश्रा उर्फ राजेश प्रसाद 52 साल के रूप में हुई है. इस गिरोह ने 27 मासूम नौकरी खोजने वाले युवाओं से विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर करीब 19 लाख रुपये की ठगी की और उन्हें फर्जी वीजा और हवाई टिकट थमा दिए. 

असली पासपोर्ट जमा करवा लिए

डीसीपी EOW ने बताया कि यह पूरा मामला साल 2022-23 का है. गौतम कुमार थापा नाम के एक पीड़ित और उनके साथ 26 अन्य युवाओं ने दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया कि आरोपियों ने दिल्ली के जनकपुरी स्थित DDA मार्केट Sky-Blue Overseas Consultancy नाम से एक दफ्तर खोला था. यहां आने वाले बेरोजगार युवाओं को विदेश में बेहतरीन नौकरी दिलाने का झांसा दिया गया. नौकरी के नाम पर आरोपियों ने पीड़ितों से उनके असली पासपोर्ट जमा करवा लिए. इसके बाद मेडिकल चेकअप, वीजा प्रोसेसिंग और एयर टिकट के नाम पर प्रति व्यक्ति हजारों रुपये कुल मिलाकर करीब 19 लाख रुपये कैश और ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए ऐंठ लिए.

डीसीपी ने आगे जानकारी दी कि मुख्य आरोपी भारत मिश्रा और उसके साथियों ने मकान मालिक से लेकर पीड़ितों तक, सबसे अपनी असली पहचान छुपाई. उन्होंने फर्जी आईडी प्रूफ का इस्तेमाल करके किराए पर दफ्तर लिया था. पीड़ितों को शक न हो, इसलिए बाकायदा उनका मेडिकल चेकअप कराया गया. इतना ही नहीं, उन्हें फर्जी वीजा और नकली एयर टिकट भी थमा दिए. इसके बाद जैसे ही सबके पास से पैसे और पासपोर्ट कलेक्ट हो गए, आरोपी रातों-रात दफ्तर पर ताला लगाकर फरार हो गए और अपने फोन बंद कर लिए. 

नाम बदलकर बन गया ज्योतिषी

DCP अमित वर्मा की देखरेख में EOW की टीम ने जांच शुरू की.  आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी की गई, लेकिन वे गायब थे. जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर भी जारी किया ताकि वे देश छोड़कर न भाग सकें. आखिरकार, टेक्निकल सर्विलांस, फोन लोकेशन और बैंक खातों की जांच की मदद से पुलिस को सुराग मिला. दिल्ली पुलिस को पता चला कि आरोपी भारत मिश्रा नोएडा के सेक्टर 80 में शिव धाम एनक्लेव में अपना नाम बदलकर रह रहा है और वहां ज्योतिषी का काम कर रहा है. 1 जुलाई  को दिल्ली पुलिस की एक स्पेशल टीम ने नोएडा में रेड मारकर भारत मिश्रा को पकड़ लिया.

दिल्ली पुलिस के मुताबिक भारत मिश्रा के खिलाफ इससे पहले कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड दर्ज नहीं है. फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि  गिरोह के बाकी फरार सदस्यों को पकड़ा जा सके. पीड़ितों से ठगे गए पैसे बरामद किए जा सकें और इस पूरे रैकेट के पीछे की पूरी साजिश का पर्दाफाश हो सके.

यह भी पढ़ें-

समंदर में सुरक्षा पीएम मोदी की टॉप प्रायोरिटी, अलग-अलग देशों से बात कर रहा भारत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi, Delhi Fraud, Delhi Fraud Case, JOb Fraud, Job Fraud Abroad
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com