मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर क्षेत्र में हिंदुओं को लालच देकर ईसाई बनाने की कोशिश करने के आरोप में पांच महिलाओं समेत 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि मंसूरपुर थाना क्षेत्र के जड़ौदा गांव में पुलिस ने कुछ हिंदूवादी संगठनों की शिकायत पर शनिवार को एक स्थान पर छापा मारा, जहां सभा आयोजित की जा रही थी. इस सभा में लोगों को प्रलोभन देकर ईसाई धर्म में दाखिल कराने की कोशिश करने के आरोप में पांच महिलाओं समेत 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया. उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके से तीन डायरी, तीन धार्मिक किताबें और छह मोबाइल फोन भी बरामद किये हैं।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने ‘उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन निषेध अधिनियम, 2021' की सुसंगत धाराओं के तहत 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया और उनमें से 12 को गिरफ्तार किया. उन्होंने बताया कि सभा के लिए जगह उपलब्ध कराने वाले दो लोग राशिद और मोनिस फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है.
मौलाना और उसके बेटे जुबैर अंसारी के खिलाफ मामला दर्ज, दोनों की तलाश जारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एक अन्य घटना में पुलिस ने शनिवार को जिले के रतनपुरी थाना क्षेत्र के फुलात गांव में हिंदुओं का इस्लाम में धर्मांतरण कराने के आरोप में मदरसा दारुल उलूम रहीमा के प्रभारी मौलाना हिफ्जुर्रहमान और उसके बेटे जुबैर अंसारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है. उन्होंने बताया कि दोनों फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं. पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार वे मुजफ्फरनगर जिले के फुलात गांव में हिंदुओं का इस्लाम में धर्मांतरण कराने में सक्रिय पाए गए थे.
पिटबुल से कटवाया, भाले दागे, हंटर मारे, मुजफ्फरनगर के बंधक मजूदरों की रूह कंपा देने वाली आपबीती
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं