Domestic Helper Verification: दिल्ली के अमर कॉलोनी में सीनियर IRS अफसर की बेटी से रेप और हत्या के मामले ने हिला कर रख दिया है. आरोपी राहुल मीणा इसी घर में पहले काम किया करता था और इस परिवार ने उसकी खूब मदद भी की थी इतनी कि उसका कर्ज भी उतार रहे थे. इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि घरेलू नौकरों और सहायक कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन कितना जरूरी है. आपको बता दें कि किसी भी व्यक्ति को घर में काम पर रखने से पहले उसकी पहचान, आपराधिक रिकॉर्ड और पुलिस जांच बेहद अहम है. इसी कड़ी में आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि डॉमेस्टिक हेल्पर की पुलिस वेरिफिकेशन कितना ज्यादा जरूरी है और इसका पूरा प्रोसेस क्या है. इसकी जानकारी एडवोकेट शैलेंद्र प्रताप सिंह ने NDTV से बातचीत के दौरान दी है. आइए जानते हैं...
यह भी पढ़ें: 10 साल पुराना है आपका आधार कार्ड? जान लें ये बात, वरना रुक सकते हैं जरूरी काम
क्यों जरूरी है पुलिस वेरिफिकेशन?
जब आप किसी अनजान व्यक्ति को अपने घर की चाबी या परिवार के सदस्यों खासकर बच्चों और बुजुर्गों की जिम्मेदारी सौंपते हैं, तो उनका बैकग्राउंड जानना सुरक्षा की पहली कड़ी है. इसके अलावा वेरिफिकेशन से यह पता चलता है कि उस व्यक्ति का कोई पिछला पुलिस रिकॉर्ड या आपराधिक इतिहास तो नहीं है. साथ ही अगर कर्मचारी को पता है कि उसका सारी डिटेल्स और फिंगरप्रिंट पुलिस के पास जमा हैं, तो वह कोई भी गलत कदम उठाने से पहले डरेगा. वहीं, अगर भविष्य में कोई अनहोनी या चोरी होती है, तो पुलिस के पास पहले से मौजूद रिकॉर्ड के कारण आरोपी को पकड़ना बहुत आसान हो जाता है. कई शहरों में बिना पुलिस वेरिफिकेशन के नौकर रखने पर घर के मालिक को भी जिम्मेदार माना जा सकता है.
वेरिफिकेशन के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट
घर में डोमेस्टिक हेल्पर से पहले उससे कुछ जरूरी डॉक्यूमेंट्स जरूर लें:
- आधार कार्ड या वोटर ID
- पासपोर्ट साइज फोटो
- मोबाइल नंबर
- स्थायी पता
- इन सभी की कॉपी अपने पास संभालकर रखें. इससे भविष्य में जरूरत पड़ने पर आसानी होती है.

पुलिस वेरिफिकेशन कैसे कराएं?
आप अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन जाकर नौकर वेरिफिकेशन फॉर्म भर सकते हैं. इसमें नौकर की पूरी जानकारी, फोटो और ID जमा करनी होती है. आजकल कई राज्यों में यह सुविधा ऑनलाइन भी उपलब्ध है, जहां आप घर बैठे आवेदन कर सकते हैं. फॉर्म जमा होने के बाद पुलिस उस व्यक्ति का बैकग्राउंड चेक करती है.
पुराने काम की जानकारी जरूर लें
अगर नौकर पहले कहीं काम कर चुका है, तो उसके पुराने मालिक से बात जरूर करें. इससे आपको उसके व्यवहार, ईमानदारी और काम के तरीके के बारे में सही जानकारी मिलती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं