विज्ञापन

दिल्ली-NCR के हाईवे-एक्सप्रेसवे पर अब VIDS सिस्टम देगा दुर्घटना की सूचना, नहीं पड़ेगी 1033 पर कॉल की जरूरत

VIDS एक एडवांस्ड कैमरा और सेंसर बेस्ड मॉनिटरिंग सिस्टम है. किसी भी दुर्घटना या एमरजेंसी का पता चलते ही यह सिस्टम तुरंत कंट्रोल रूम को अलर्ट भेज देगा, जिससे राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया जा सकेगा.

दिल्ली-NCR के हाईवे-एक्सप्रेसवे पर अब VIDS सिस्टम देगा दुर्घटना की सूचना, नहीं पड़ेगी 1033 पर कॉल की जरूरत
file photo

दिल्ली-एनसीआर के हाईवे और एक्सप्रेसवे पर सफर करने वालों के लिए बड़ी राहत की खबर है. अब सड़क हादसा होने पर मदद के लिए 1033 हेल्पलाइन पर कॉल करने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की सहयोगी कंपनी इंडियन हाईवेज मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड (IHMCL) जल्द ही 11 प्रमुख कॉरिडोर पर अत्याधुनिक वीडियो इंसिडेंट डिटेक्शन सिस्टम (VIDS) लगाने जा रही है. इस नई टेक्नोलॉजी की मदद से दुर्घटना की पहचान रियल टाइम में हो सकेगी और राहत एवं बचाव दल को तुरंत सूचना मिल जाएगी. इससे दुर्घटना के बाद गोल्डन ऑवर में मदद पहुंचाने में आसानी होगी और कई लोगों की जान बचाई जा सकेगी.

कैसे काम करेगा VIDS सिस्टम?

VIDS एक कैमरा और सेंसर बेस्ड स्मार्ट मॉनिटरिंग सिस्टम है. इसके जरिए हाईवे और एक्सप्रेसवे पर लगाए गए कैमरे लगातार ट्रैफिक एक्टिविटीज पर नजर रखेंगे. जैसे ही किसी दुर्घटना जैसी स्थिति बनती है, सिस्टम उसकी पहचान कर कंट्रोल रूम को तुरंत अलर्ट भेज देगा. इसके लिए सिस्टम में पहले से हजारों फोटो और वीडियो फीड किए जाएंगे, जिनमें वाहन टक्कर, वाहन पलटना, पैदल यात्री से टक्कर, वाहन स्लिप होना और दूसरी इमरजेंसी सिचुएंस शामिल होंगी. जैसे ही कैमरे को ऐसी कोई गतिविधि दिखाई देगी, कंट्रोल रूम को सूचना मिल जाएगी.

इस दौरान सिर्फ कैमरे ही नहीं, बल्कि सड़क किनारे खास सेंसर भी लगाए जाएंगे. ये सेंसर टक्कर या दुर्घटना से उत्पन्न होने वाली तेज आवाज को पहचान सकेंगे. आवाज का पैटर्न मिलते ही सिस्टम तुरंत अलर्ट जारी करेगा, जिससे एंबुलेंस, क्रेन और दूसरी इमरजेंसी सर्विसेज मौके पर तेजी से पहुंच सकेंगी.

एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम होगा मजबूत

NHAI का मानना है कि VIDS के लागू होने से एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ATMS) और बेहतर होगा. मौजूदा समय में दुर्घटना की सूचना आमतौर पर 1033 हेल्पलाइन कॉल के जरिए मिलती है, जिससे कई बार सूचना मिलने में देरी हो जाती है. नया सिस्टम इस समस्या को काफी हद तक खत्म कर देगा. जानकारी के मुताबिक, इन सिलेक्टेड कॉरिडोर पर VIDS सिस्टम लगाने का काम इसी साल पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. 

यह भी पढ़ें:- दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की बड़ी पहल, अब सड़क पर ही भर सकेंगे चालान, नई हाईटेक ई-चालान मशीनें शुरू

इन प्रमुख कॉरिडोर पर लगेगा सिस्टम

VIDS सिस्टम दिल्ली-एनसीआर के कई व्यस्त हाईवे और एक्सप्रेसवे पर लगाया जाएगा. इनमें शामिल हैं - 

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे

सराय काले खां-गाजीपुर बॉर्डर : 8 किलोमीटर

गाजीपुर बॉर्डर से डासना : 19 किलोमीटर

डासना से हापुड़ बाईपास : 22 किलोमीटर

डासना से मेरठ : 32 किलोमीटर

देहरादून एक्सप्रेसवे

अक्षरधाम से लोनी बॉर्डर : 15 किलोमीटर

लोनी बॉर्डर से बागपत ईपीई तक : 17 किलोमीटर

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे

डीएनडी से जैतपुर : 09 किलोमीटर

जैतपुर से फरीदाबाद सेक्टर-62/65 : 24 किलोमीटर

एनएच-248ए : राजीव चौक से गुरुग्राम - 09 किलोमीटर

एनएच-48: दिल्ली-गुरुग्राम-कोटपुतली - 63 किलोमीटर

धारूहेड़ा-भिवाड़ी लिंक रोड - 5 किलोमीटर

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com