विज्ञापन

इधर जरांगे अनशन पर अड़े, उधर हाइवे पर चक्का जाम, आधी रात सरकार की बैठक

मनोज जरांगे पाटिल के आमरण अनशन ने महाराष्ट्र की राजनीति को फिर गर्म कर दिया है. भीषण गर्मी में बिना पानी के अनशन पर बैठे जरांगे सरकार से मराठा समाज को ओबीसी कोटे में आरक्षण देने की मांग पर अड़े हैं.

इधर जरांगे अनशन पर अड़े, उधर हाइवे पर चक्का जाम, आधी रात सरकार की बैठक
मनोज जरांगे पाटिल का आमरण अनशन
  • अंतरवाली सराटी में मराठा नेता मनोज जरांगे पाटिल ने ओबीसी आरक्षण के लिए आमरण अनशन शुरू किया है.
  • जरांगे ने 40 डिग्री तापमान में बिना पानी या ORS लिए अनशन जारी रखा है और सरकार से लिखित आदेश की मांग की है.
  • मराठा आंदोलन के समर्थन में कई जिलों में प्रदर्शन हुए और हाईवे जाम कर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं हैं.

महाराष्ट्र के जालना जिले के अंतरवाली सराटी में एक बार फिर ‘पिपली लाइव' जैसा माहौल देखने को मिल रहा है. मराठा आंदोलन के प्रमुख नेता मनोज जरांगे पाटिल आमरण अनशन पर बैठ गए हैं, जिससे राज्य सरकार की चिंता बढ़ गई है. सुबह से लेकर देर रात तक बदलते घटनाक्रम ने महाराष्ट्र की राजनीति को एक बार फिर मराठा आरक्षण जैसे संवेदनशील मुद्दे के सामने खड़ा कर दिया है.

एक ओर जरांगे पाटिल भीषण गर्मी में खुले आसमान के नीचे बिना खाना-पानी के डटे रहे, वहीं दूसरी तरफ ओबीसी समाज ने भी सरकार को सख्त चेतावनी दे दी है. सरकार के प्रतिनिधि लगातार जालना के अंतरवाली सराटी के चक्कर लगा रहे हैं और अनशन के पहले दिन से लेकर देर रात तक उन्हें मनाने की कोशिशें जारी रहीं.

Latest and Breaking News on NDTV

40 डिग्री के बीच अनशन पर बैठे जरांगे पाटिल

शनिवार सुबह से ही मराठवाड़ा के जालना में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया था. डॉक्टरों की टीम ने जरांगे पाटिल को ORS या कम से कम पानी लेने की सलाह दी. लेकिन उन्होंने यह कहते हुए साफ मना कर दिया कि जब तक सरकार मराठा समाज को ओबीसी कोटे से आरक्षण देने का ठोस और लिखित आदेश नहीं जारी करती, तब तक वह पानी की एक बूंद भी नहीं लेंगे.

उधर, उनके समर्थन में मराठा आंदोलनकारी भी सड़कों पर उतर आए. बीड, जालना, छत्रपति संभाजीनगर, लातूर, पुणे और हिंगोली समेत कई जिलों में प्रदर्शन हुए. कई जगहों पर हाईवे जाम किए गए, जिससे बीड-जालना जैसे प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. बीड में आंदोलनकारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय के सामने अर्धनग्न प्रदर्शन भी किया.

Latest and Breaking News on NDTV

आठवले ने जरांगे को अपने रुख पर पुनर्विचार करने की सलाह दी

जैसे-जैसे मराठा आंदोलन तेज हुआ, वैसे-वैसे ओबीसी संगठनों ने भी अपना रुख कड़ा कर लिया. राष्ट्रीय ओबीसी महासंघ के अध्यक्ष बबनराव तायवाडे ने चेतावनी दी कि यदि ओबीसी आरक्षण को जरा भी नुकसान पहुंचा, तो राज्य का 60 प्रतिशत ओबीसी समाज सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा. इस बीच केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि सभी मराठाओं को ‘कुणबी' प्रमाणपत्र देकर सामूहिक रूप से ओबीसी आरक्षण देना कानूनी रूप से संभव नहीं है. उन्होंने जरांगे पाटिल को अपने रुख पर पुनर्विचार करने की सलाह भी दी.

शाम होते-होते सरकार की ओर से कैबिनेट मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल ने स्थिति संभालने की कोशिश तेज कर दी. देर रात सरकार का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल अंतरवाली सराटी पहुंचा, जिसमें राधाकृष्ण विखे पाटिल, भाजपा विधायक प्रसाद लाड, शिवसेना विधायक अब्दुल सत्तार और विलास भुमरे शामिल थे. जरांगे पाटिल से सीधी बातचीत से पहले यह प्रतिनिधिमंडल स्थानीय सरपंच पांडुरंग तारक के घर पहुंचा, जहां मराठा समाज के प्रमुख बुद्धिजीवियों और कानूनी विशेषज्ञों-प्रोफेसर चंद्रकांत भराड, प्रदीप सोलुंखे और किशोर चव्हाण के साथ लंबी बैठक हुई. इस दौरान सरकार के प्रतिनिधि उन कानूनी और तकनीकी मुद्दों पर चर्चा करते रहे, जिन पर जरांगे अड़े हुए हैं.

अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि आधी रात की इस बातचीत से कोई समाधान निकलता है या फिर अगली सुबह के साथ यह आंदोलन और ज्यादा उग्र रूप लेता है. फिलहाल यह स्पष्ट है कि यह मामला अब सिर्फ एक आंदोलन नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की राजनीति का बड़ा और संवेदनशील मुद्दा बन चुका है.

ये भी पढ़ें : कर्नाटक के सीएम तो बन गए DK, लेकिन बीजेपी-जेडीएस के साथ ही अपनों से भी चुनौतियां

लेखक के बारे में
img
सुजाता द्विवेदी
Correspondent, News Input
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Maratha Reservation Protest Maharashtra, Manoj Jarange Patil Hunger Strike, Jalna Antarwali Sarati Protest News, Maratha Vs OBC Reservation Conflict, Maharashtra Highway Blockade Protest
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com