विज्ञापन

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की बड़ी पहल, अब सड़क पर ही भर सकेंगे चालान, नई हाईटेक ई-चालान मशीनें शुरू

दिल्ली में अब ट्रैफिक चालान भरने के लिए कोर्ट के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने करीब 1500 नई ई-चालान मशीनें फील्ड अधिकारियों को देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इससे सड़क पर डिजिटल तरीके से चालान भर सकेंगे.

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की बड़ी पहल, अब सड़क पर ही भर सकेंगे चालान, नई हाईटेक ई-चालान मशीनें शुरू
delhi traffic police e-challan machine

दिल्ली में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के लिए अब चालान भरने की प्रक्रिया पहले से कहीं ज्यादा आसान और डिजिटल होने जा रही है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपनी ई-चालान और ट्रैफिक मैनेजमेंट प्रणाली को पूरी तरह हाईटेक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. नई व्यवस्था के तहत अब वाहन चालक मौके पर ही डिजिटल माध्यम से चालान जमा कर सकेंगे. इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने फील्ड में तैनात अधिकारियों को आधुनिक हैंडहेल्ड ई-चालान मशीनें देना शुरू कर दिया है.

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, इस नई व्यवस्था का मकसद ट्रैफिक नियमों के पालन को ज्यादा पारदर्शी, आसान और तकनीक आधारित बनाना है, ताकि लोगों को लंबी प्रक्रिया और नकद भुगतान की परेशानी से राहत मिल सके.

मौके पर ही होगा डिजिटल भुगतान

नई प्रणाली के तहत अब ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहन चालक UPI, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड के जरिए मौके पर ही चालान का भुगतान कर सकेंगे. इसके लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के पास मौजूद नई ई-चालान मशीनों में डिजिटल पेमेंट की सुविधा दी गई है. इसमें सबसे खास बात ये है कि सिर्फ उसी समय का चालान ही नहीं, बल्कि पहले से लंबित पुराने चालानों का भुगतान भी मौके पर किया जा सकेगा यानी अगर किसी वाहन पर पुराने पेंडिंग चालान हैं, तो ट्रैफिक पुलिसकर्मी उसकी जानकारी तुरंत निकाल सकेंगे और वाहन चालक वहीं डिजिटल तरीके से भुगतान कर पाएगा. इससे लोगों को कोर्ट या अलग-अलग पोर्टल पर जाकर भुगतान करने की झंझट से राहत मिलेगी और पूरी प्रक्रिया ज्यादा आसान और तेज होगी.

1500 नई हाईटेक ई-चालान मशीनें दी गई

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने करीब 1500 नई ई-चालान मशीनें फील्ड अधिकारियों को देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इन नई मशीनों में कई एडवांस तकनीकी सुविधाएं जोड़ी गई हैं, जिनकी मदद से ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी. ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इससे चालान प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और किसी तरह के विवाद की संभावना कम होगी, क्योंकि पूरे रिकॉर्ड का डिजिटल डेटा मौजूद रहेगा.

ई-चालान मशीन के फायदे

  • मौके पर तुरंत ई-चालान जनरेट करना
  • डिजिटल पेमेंट स्वीकार करना
  • वाहन और नियम तोड़ने वाले व्यक्ति की फोटो कैप्चर करना
  • डेटा और रिकॉर्ड का बेहतर प्रबंधन
  • टो किए गए वाहन की जानकारी वाहन मालिक के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेजना
  • चालान से जुड़ी जानकारी तुरंत सिस्टम में अपडेट करना

BBPS से जोड़ा गया ई-चालान सिस्टम

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपने ई-चालान सिस्टम को अब Bharat Bill Payment System यानी BBPS से भी इंटीग्रेट कर दिया है. इसका फायदा यह होगा कि लोग किसी भी UPI आधारित मोबाइल ऐप से चालान का भुगतान कर सकेंगे. अब नागरिकों को सिर्फ सरकारी वेबसाइट पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, बल्कि वे अपने रोजाना इस्तेमाल होने वाले किसी भी डिजिटल पेमेंट ऐप के जरिए चालान भर सकेंगे. इससे भुगतान प्रक्रिया ज्यादा तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगी.

यह भी पढ़ें:- अब बस स्टैंड पर मिलेगी मौसम की अपडेट, पैनिक बटन, डिजिटल डिस्प्ले, लाइव बस ट्रैकिंग सुविधा, हाईटेक बनेंगे दिल्ली के Bus Stand

ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को दी गई ट्रेनिंग

नई तकनीक को लागू करने से पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपने फील्ड स्टाफ, ट्रैफिक इंस्पेक्टर और अन्य अधिकारियों के लिए ऑनलाइन ट्रेनिंग सेशन भी आयोजित किया. इसमें अधिकारियों को नई मशीनों के इस्तेमाल, डिजिटल पेमेंट सिस्टम, चालान प्रक्रिया और लोगों की शिकायतों के समाधान से जुड़ी जानकारी दी गई. पुलिस अधिकारियों को यह भी बताया गया कि नागरिकों को नई व्यवस्था के बारे में कैसे जागरूक करना है और मौके पर आने वाली तकनीकी समस्याओं को कैसे संभालना है.

ई-चालान सिस्टम से क्या मिलेगी सुविधा

  • नकद भुगतान की जरूरत कम होगी
  • चालान भरने में समय की बचत होगी
  • पुराने चालानों का भुगतान भी आसान होगा
  • पारदर्शिता बढ़ेगी
  • डिजिटल रिकॉर्ड होने से विवाद कम होंगे
  • ऑनलाइन और कैशलेस भुगतान को बढ़ावा मिलेगा
  • सड़क सुरक्षा और स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम पर फोकस

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि आने वाले समय में ट्रैफिक प्रबंधन को पूरी तरह स्मार्ट और टेक्नोलॉजी आधारित बनाने पर काम किया जा रहा है. नई ई-चालान व्यवस्था भी उसी दिशा में एक बड़ा कदम है. पुलिस का मानना है कि तकनीक के इस्तेमाल से ट्रैफिक नियमों का पालन ज्यादा प्रभावी तरीके से कराया जा सकेगा, भ्रष्टाचार की संभावनाएं कम होंगी और सड़क सुरक्षा को मजबूत किया जा सकेगा. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और डिजिटल सुविधाओं का इस्तेमाल कर नई व्यवस्था को सफल बनाने में सहयोग करें.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com