- नमो भारत ट्रेन में ट्रिप पास की सुविधा पेश की है.
- ट्रिप पास केवल निश्चित स्टेशनों के बीच के लिए बनेगी.
- यात्रियों को प्रत्येक यात्रा पर 10% की छूट का लाभ मिलेगा.
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने नमो भारत ट्रेन में रोजाना सफर करने वाले 1.1 लाख से अधिक यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत का ऐलान किया है. NCRTC ने NCMC (नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड) कार्ड यूजर्स के लिए 'ट्रिप पास' सुविधा पेश की है. इससे सुबह-शाम के पीक आवर्स में रोजाना एक निश्चित स्टेशन से दूसरे स्टेशन की यात्रा करने वाले नौकरीपेशा, छात्रों और कारोबारियों को बार-बार टिकट लेने या वॉलेट रिचार्ज करने की जरूरत नहीं होगी.
कैसे काम करेगा 'ट्रिप पास'?
NCMC कार्ड पर ट्रिप पास से हर ट्रिप के बाद ऑटो-डिडक्शन होगा. एक बार ट्रिप पास लोड कराने के बाद जैसे ही आप अपने तय शुरुआती और गंतव्य स्टेशन के बीच सफर करेंगे, तो पास से एक ट्रिप खुद-ब-खुद कट जाएगी. यह पास केवल निर्धारित दो स्टेशनों के बीच ही मान्य होगा. अगर आप Pass में तय स्टेशन से पहले उतरते हैं या आगे जाते हैं, तो उस यात्रा का किराया आपके NCMC कार्ड के 'ग्लोबल वॉलेट' से काटा जाएगा.
इसके अलावा यात्रियों को प्रत्येक यात्रा पर 10% की छूट का लाभ मिलेगा. इसके अलावा, खर्च किए गए हर 1 रुपये पर 1 लॉयल्टी पॉइंट मिलेगा. यानी 1 पॉइंट 10 पैसे के बराबर होगा. वहीं 300 पॉइंट्स पूरे होने पर एक फ्री राइड रिडीम की जा सकती है.
ट्रिप पास के विकल्प-वैधता और रिफंड के नियम
NCRTC ने यात्रियों की सुविधा के अनुसार स्टैंडर्ड और प्रीमियम दोनों श्रेणी के कोच के लिए 1 से लेकर 40 ट्रिप तक के पास उपलब्ध कराए हैं.
- 1 ट्रिप पास की वैधता 15 दिन होगी. (Non-Refundable)
- 2, 5 और 10 ट्रिप पास की वैधता 30 दिन होगी. (Non-Refundable)
- 15 और 20 ट्रिप पास की वैधता 60 दिन होगी. (प्रशासनिक शुल्क काटकर Refundable)
- 40 ट्रिप पास की वैधता 90 दिन होगी. (प्रशासनिक शुल्क काटकर Refundable)
कहां से लें ट्रिप पास?
यात्री ट्रिप पास को स्टेशन पर AFC गेट के पास स्थित EFO काउंटर से खरीद सकते हैं. भविष्य की यात्राओं के लिए Pass का टॉप-अप EFO काउंटर के अलावा स्टेशनों पर लगी टिकट वेंडिंग मशीन (TVM) से भी किया जा सकता है. NCRTC का यह कदम नमो भारत में यात्रा अनुभव को अधिक सुगम, समय बचाने वाला और बजट-फ्रेंडली बनाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं