घर खरीदना जिंदगी के सबसे बड़े निवेशों में से एक होता है. इसमें इंसान अपनी जिंदगी की बड़ी कमाई लगा देता है. ऐसे में लोग लोकेशन, कीमत और सुविधाओं पर तो खूब ध्यान देते हैं, लेकिन एक छोटी-सी चीज अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं. ये चीज है- 'सन टेस्ट'. आइए जानते हैं कि आखिर ये टेस्ट है क्या, आप इसे कैसे कर सकते हैं और कैसे ये एक छोटा सा टेस्ट भविष्य में आपके लाखों रुपये बचा सकता है.
क्या होता है Sun Test?
सन टेस्ट का मतलब है यह देखना कि घर में धूप कैसे आती है. आसान शब्दों में कहें, तो जब भी आप घर देखने जाएं, तो सिर्फ कमरे और सजावट न देखें, बल्कि इस बात पर भी ध्यान दें कि उस घर में सुबह, दोपहर और शाम के समय कितनी प्राकृतिक रोशनी आती है. इससे आपको ये समझने में मदद मिलेगी कि उस घर में रहना कितना आरामदायक होगा.
कैसे ये टेस्ट बचा सकता है लाखों रुपये?बिजली का बिल कम आ सकता है
अगर घर में अच्छी धूप आती है, तो दिन में बार-बार लाइट जलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इससे हर महीने बिजली की बचत होगी और सालों तक रहने पर यह बचत बड़ी रकम बन सकती है.
समझ पाएंगे एसी और कूलर की जरूरत
सन टेस्ट से ये पता चल जाता है कि घर के कौन-से कमरे बहुत ज्यादा गर्म रहते हैं. अगर घर में जरूरत से ज्यादा धूप आती है, तो बाद में एसी ज्यादा चलाना पड़ सकता है. इससे बिजली का बिल भी बढ़ता है.
छिपी हुई दिक्कतें भी आती हैं सामनेकई बार घर खुला-खुला दिखता है, लेकिन आसपास की ऊंची इमारतें या बड़े पेड़ धूप रोक देते हैं. ऐसे में घर में दिनभर अंधेरा रह सकता है. सन टेस्ट करने से ये बात भी पहले ही पता चल जाती है.
वेंटिलेशन और ताजगीइन सब से अलग अच्छी प्राकृतिक रोशनी वाले घरों में अक्सर हवा के आने-जाने की व्यवस्था भी बेहतर होती है. ऐसे घर कम घुटन भरे लगते हैं और उनमें ताजगी का एहसास बना रहता है.
कैसे करें ये टेस्ट?इस टेस्ट को करना भी बेहद आसान है. इसके लिए जब भी आप घर देखने जाएं, तो कुछ छोटी-छोटी बातों पर ध्यान जरूर दें. जैसे-
- सबसे पहले देखें कि घर में सुबह धूप आती है या नहीं.
- दोपहर में कौन-से कमरे ज्यादा गर्म हो जाते हैं.
- शाम के समय घर में रोशनी कैसी रहती है.
- कहीं आसपास की इमारतें या पेड़ धूप तो नहीं रोक रहे हैं.
- खिड़कियों से हवा ठीक से आती है या नहीं.
- क्या दिन में बिना लाइट जलाए काम चल सकता है या नहीं.
भारत में आमतौर पर East Facing (पूर्वमुखी) और North Facing (उत्तरमुखी) घर ज्यादा आरामदायक माने जाते हैं. East Facing घर में सुबह की हल्की और अच्छी धूप मिलती है. North Facing घर में दिनभर संतुलित रोशनी रहती है और ये घर थोड़े ठंडे भी होते हैं. वहीं, West Facing और South Facing घरों में दोपहर और शाम के समय ज्यादा गर्मी महसूस हो सकती है.
ऐसे में घर खरीदते समय सिर्फ सुंदर दीवारें, महंगा इंटीरियर और बड़ी बालकनी देखकर फैसला न करें. समय निकालकर सन टेस्ट भी जरूर करें. इससे आपको पता चल जाएगा कि घर में रोशनी कैसी है, गर्मी कितनी रहती है, हवा आती है या नहीं और वहां रहना आपके लिए कितना आरामदायक या मुश्किल होगा.
यह भी पढ़ें- नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जाना हुआ आसान, 8 जिलों से शुरू हुई सीधी बस सेवा, जानिए किन शहरों को मिलेगा फायदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं