विज्ञापन

बिहार में हुई पीएम सूर्य घर योजना की शुरुआत, 2.5 लाख घरों की छत पर लगेगा सोलर प्लांट, मिलेगी मुफ्त बिजली

बिहार सरकार ने राज्य के बीपीएल परिवारों के घरों पर सोलर प्लांट लगाने की शुरुआत कर दी है. इसके तहत गरीब परिवारों को हर महीने 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ मिलेगा.

बिहार में हुई पीएम सूर्य घर योजना की शुरुआत, 2.5 लाख घरों की छत पर लगेगा सोलर प्लांट, मिलेगी मुफ्त बिजली
बिहार के 25 लाख गरीब परिवारों को मिलेगी मुफ्त सौर बिजली
(P.C- NDTV)

बिहार में गरीब परिवारों को बिजली के खर्च से राहत देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है. बिहार सरकार ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत राज्य के बीपीएल परिवारों के घरों पर सोलर प्लांट लगाने की शुरुआत कर दी है. नई सरकार के 60 दिन पूरे होने के मौके पर इस योजना का शुभारंभ किया गया.

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि पहले चरण में 1512 करोड़ रुपये की लागत से 2.5 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर सोलर प्लांट लगाए जाएंगे. इससे गरीब परिवारों को हर महीने 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ मिलेगा. सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले 20 नवंबर तक इन 2.5 लाख घरों में सोलर प्लांट लगाने का काम पूरा कर लिया जाए.

गांव-गांव बिजली पहुंचाने का संकल्प

सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांव-गांव बिजली पहुंचाने का संकल्प लिया था, जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हर घर तक बिजली पहुंचाने का लक्ष्य तय किया था. अब इसी दिशा में गरीब परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की कोशिश की जा रही है.

उन्होंने बताया कि अगले दो सालों में राज्य के 25 लाख गरीब परिवारों के घरों पर पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर प्लांट लगाने का लक्ष्य रखा गया है. इससे लाखों परिवारों का बिजली बिल कम होगा और उन्हें स्थायी राहत मिलेगी.

उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जिन घरों में जरूरत से ज्यादा सौर बिजली का उत्पादन होगा, वहां से एक्स्ट्रा बिजली लेकर उसके बदले उपभोक्ताओं को भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं. अभी कई मामलों में अतिरिक्त बिजली विभाग के खाते में दर्ज हो जाती है, लेकिन उसका पैसा उपभोक्ताओं को नहीं मिल पाता है.

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश बिजली पर करीब 6000 करोड़ रुपये की सब्सिडी देता है, जबकि बिहार में 23 हजार करोड़ रुपये की सब्सिडी दी जा रही है. बिहार में बिजली की खपत भी पहले के मुकाबले 13 गुना बढ़ी है.

सम्राट चौधरी ने दावा किया कि बिजली के क्षेत्र में बिहार आज देश के सबसे आगे रहने वाले राज्यों में शामिल है. वहीं, ग्रामीण कार्य विभाग की सड़क निर्माण योजनाओं में भी बिहार नंबर-1 पर है. उन्होंने कहा कि एक समय ट्रांसफॉर्मर खराब होने पर लोगों को खुद पटना जाकर नया ट्रांसफॉर्मर लाना पड़ता था, लेकिन अब 24 घंटे के अंदर ट्रांसफॉर्मर बदल दिया जाता है.

उन्होंने ऊर्जा विभाग के कर्मचारियों की प्रोन्नति का भी जिक्र किया और कहा कि सबसे कम समय में पदोन्नति देने वाला विभाग बिजली विभाग है. सरकार का मानना है कि बिहार की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी तो राज्य तेजी से आगे बढ़ेगा और लोगों के जीवन स्तर में सुधार आएगा.

यह भी पढ़ें- कंपनी ने अचानक नौकरी से निकाल दिया? सरकार का यह ऐप करेगा मदद, घर बैठे जानें अपने हक

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar, Utililty News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com