पश्चिम बंगाल की अन्नपूर्णा योजना (Annapurna Yojana) में आवेदन करने के बाद भी कई महिलाओं के खाते में अभी तक 3,000 रुपये नहीं पहुंचे हैं. ऐसे लोगों के लिए सरकार ने आवेदन का स्टेटस देखने और जरूरत पड़ने पर अपील करने का विकल्प दिया है. अगर आपका पैसा नहीं आया है या आवेदन रिजेक्ट हो गया है, तो कुछ आसान स्टेप्स अपनाकर इसकी जानकारी ले सकते हैं.
महिलाओं के खाते में हर महीने 3,000 रुपये
जून 2026 में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की सरकार ने अन्नपूर्णा योजना शुरू की थी. इस योजना ने पहले चल रही लक्ष्मीर भंडार योजना की जगह ली. नई योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये सीधे आधार से जुड़े बैंक खाते में भेजे जाते हैं. सरकार की ओर से सभी विधानसभा क्षेत्रों में वेरिफिकेशन का काम भी चल रहा है. एमएलए और लोकल प्रशासन मिलकर लाभार्थियों की लिस्ट की जांच और अपडेट कर रहे हैं.
ऑनलाइन ऐसे चेक करें आवेदन का स्टेटस
- अगर अभी तक पैसा नहीं मिला है, तो सबसे पहले सोशल रजिस्ट्री पोर्टल पर जाएं. वहाँ अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर डालें और ओटीपी से लॉग इन करें. इसके बाद अपनी एप्लिकेशन आईडी का स्टेटस देख सकते हैं.
- अगर स्टेटस Approved दिख रहा है, तो इसका मतलब आवेदन मंजूर हो चुका है और जल्द भुगतान मिल सकता है. Pending at the BDO Office का मतलब है कि वेरिफिकेशन अभी पूरा नहीं हुआ है. ऐसे में 15 से 30 दिन बाद दोबारा स्टेटस चेक करें.
- अगर Payment Pending लिखा है, तो आवेदन सही है, लेकिन अभी पैसे जारी नहीं हुए हैं. वहीं Bank Account Invalid दिखने पर आधार और बैंक खाते की जानकारी में गड़बड़ी हो सकती है. इसे ठीक कराने के लिए बैंक पासबुक की कॉपी बीडीओ ऑफिस में जमा करनी होगी.
आवेदन रिजेक्ट हो जाए तो क्या करें
अगर आपका आवेदन Rejected दिख रहा है और आपको लगता है कि गलती से ऐसा हुआ है, तो बीडीओ ऑफिस जाकर अपील कर सकते हैं. वहां आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और अपडेट बैंक पासबुक जैसे जरूरी दस्तावेज लेकर जाएं. अधिकारी आपके आवेदन की दोबारा जांच कर सकते हैं.
मदद के लिए इन विकल्पों का लें सहारा
अगस्त महीने में लोगों की मदद के लिए जनसंपर्क अभियान भी चलाया जा रहा है. इस दौरान कई जगहों पर कैंप और बैठकें आयोजित की जा रही हैं, जहां आवेदन से जुड़ी परेशानी का समाधान बताया जा रहा है. अगर किसी का नाम छूट गया है या फॉर्म में गलती है, तो वहां से भी जानकारी ली जा सकती है. अगर आपका आवेदन मंजूर हो चुका है लेकिन महीने के आखिर तक पैसे नहीं आए हैं, तो सरकार की हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं. इसके बाद आपके मामले की जांच की जाएगी.
ये भी पढ़ें - Gold-Silver Price Today: आज फिर महंगा हुआ सोना, चांदी ₹2.31 लाख पार पहुंची, जानें अपने शहर के नए रेट्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं