Greater Noida Water Supply : ग्रेटर नोएडा के ईस्ट और वेस्ट क्षेत्र के 6 सेक्टरों और 38 गांवों में पीने के पानी की सप्लाई को मजबूत करने का काम तेजी से चल रहा है. प्राधिकरण ने इन क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है. इसका मकसद हर घर तक साफ पीने का पानी उपलब्ध कराना है. अधिकारियों के अनुसार, यह काम मौजूदा साल के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
गांवों और सेक्टरों में चल रहा पाइपलाइन विस्तार
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के औद्योगिक सेक्टर इकोटेक-11, इकोटेक-1, नॉलेज पार्क-5 सहित रेजिडेंशियल सेक्टर-1, 10 और 12 में भी पीने के पानी की पाइपलाइन बिछाई जा रही है. इसके साथ ही 38 गांवों में भी यह कार्य प्रगति पर है. इस बीच जिन जगहों पर जमीन न मिलने की वजह से काम रुक गया था, वहां सर्वे करके समस्याओं को पहचान लिया गया है और अब उन्हें दूर करने का काम चल रहा है.
मास्टर प्लान 2041 के तहत तैयार हो रही योजना
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बढ़ती आबादी और शहरी विस्तार को देखते हुए मास्टर प्लान-2041 के तहत यह बड़ी योजना तैयार की है. सलाहकार एजेंसी की ओर से डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट भी तैयार कर प्राधिकरण को सौंप दी गई है. इस योजना में मौजूदा पानी सप्लाई नेटवर्क के सुधार के साथ-साथ नए संसाधनों को जोड़ने पर जोर दिया गया है.
ग्रेटर नोएडा की आबादी अब 12 लाख से जुडा हो चुकी है, जिसके चलते मौजूदा पानी के रिसोर्सेज काफी नहीं रह गए हैं. मौजूदा समय में 312 नलकूपों के माध्यम से लगभग 270 एमएलडी भूजल और 70 से 80 एमएलडी गंगाजल की सप्लाई की जा रही है. भविष्य की जरूरतों को देखते हुए अगले 25 सालों के हिसाब से पानी के रिसोर्सेज को मजबूत करने की योजना बनाई गई है.
गांवों को गंगाजल नेटवर्क से जोड़ा जाएगा
पहले चरण में सेक्टरों के पास स्थित गांवों को गंगाजल सप्लाई लाइन से जोड़ने का काम किया जाएगा. इसके लिए सर्वे भी शुरू कर दिया गया है. सीनियर मैनेजमेंट के अनुसार, कुल 120 गांवों में से 68 गांवों में फिलहाल जल सप्लाई की जा रही है, जबकि बाकी क्षेत्रों में काम तेजी से चल रहा है.
वन सिटी वन ऑपरेटर योजना पर भी जोर
प्राधिकरण ने पानी की सप्लाई को बेहतर बनाने के लिए ‘वन सिटी वन ऑपरेटर' योजना पर भी काम शुरू किया है. इसके जरिए एक अनुभवी बड़ी कंपनी को पानी की सप्लाई को मैनेज करने जिम्मेदारी दी जाएगी. इसके साथ ही जल की बर्बादी रोकने के लिए स्मार्ट मीटर लगाने की भी योजना है.
यह भी पढ़ें:- जुलाई में निकलेगा ATM से PF का पैसा, जानिए PF Withdrawal के नए नियम और प्रोसेस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं