उत्तर प्रदेश में SSR के बाद नई ड्रॉफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है. इसमें 18.84 लाख नए मतदाता बढ़े हैं. 10 अप्रैल की ड्राफ्ट लिस्ट के बाद अब 17 नवंबर को नई मतदाता सूची जारी की गई है. यूपी के मुख्य निर्वाचन आयुक्त नवदीप रिणवा ने ये जानकारी दी.फाइनल वोटर लिस्ट 4 जनवरी को जारी की जाएगी. रिणवा ने कहा, 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां मांगी जाएंगी. फॉर्म 6-7 और 8 के जरिये नाम जुड़वाने, हटवाने और ब्योरे में संशोधन का अवसर मिलेगा. 21-22 और 28 -29 नवंबर को सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान का आयोजन होगा. पात्र नागरिकों विशेषकर युवा एवं महिलाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे. मतदाता सूची में वोटरों के नाम सही करने पर खासा जोर दिया जाएगा.
रिणवा ने कहा है कि यूपी की वोटर लिस्ट में 18.84 लाख मतदाता बढ़े है, लेकिन जनगणना के अनुमान से 2.58 करोड़ का अंतर है. इसमें सबसे बड़ा सवाल है कि 1.64 करोड़ मतदाता कहां हैं. 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची के आंकड़ों ने एक बड़ी राजनीतिक बहस को जन्म दे दिया है. आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल 2026 में उत्तर प्रदेश में 13.39 करोड़ मतदाता थे, जो सात महीने बाद बढ़कर 13.58 करोड़ हो गए. यानी इस अवधि में 18.84 लाख मतदाताओं की बढ़ोतरी दर्ज हुई। इनमें 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 11.83 लाख नए मतदाता शामिल हैं. लेकिन इस बढ़ोतरी के बीच एक दूसरा आंकड़ा कहीं ज्यादा गंभीर सवाल खड़ा कर रहा है. जनगणना आधारित अनुमान से तुलना में मतदाताओं की संख्या में करीब 2.58 करोड़ का अंतर बताया जा रहा है. इसमें महिलाओं का अंतर करीब 1.64 करोड़ और पुरुषों का लगभग 94 लाख है.सबसे चौंकाने वाला आंकड़ा महिलाओं का है। मतदाता सूची में लिंगानुपात घटकर प्रति एक हजार पुरुषों पर 840 महिलाएं रह गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं