वाराणसी निवासी और पर्यटकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. रोप-वे से वाराणसी के कैंट स्टेशन से काशी विश्वनाथ धाम मात्र अब मात्र 16 मिनट में पहुंच सकेंगे. खूबसूरत नजारा देखते हुए आराम से विश्वनाथ धाम पहुंचने का इंतजार अब खत्म होने को है. दरअसल देश की पहली शहरी सार्वजनिक परिवहन रोप-वे परियोजना अब शुरू होने के और करीब पहुंच गई है. उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से रोप-वे सेवा के किराये को तय कर दिया गया है.
क्या है न्यूनतम और अधिकतम किराया?
वाराणसी यात्री अब मात्र 50 रुपये तक में सफर कर पाएंगे. यह रोप-वे कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया तक लोगों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प देगा. खास बात ये है कि इससे भीड़भाड़ वाले रास्तों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा. अधिसूचना के अनुसार वाराणसी कैंट, विद्यापीठ, रथयात्रा और गोदौलिया चौक स्टेशनों के बीच यात्रा के लिए न्यूनतम किराया 20 रुपये और अधिकतम किराया 50 रुपये तय किया गया है. कैंट स्टेशन से गोदौलिया चौक तक पूरे रास्ते का किराया 50 रुपये होगा. वहीं विद्यापीठ से रथयात्रा तक यात्रा करने वाले यात्रियों को केवल 20 रुपये खर्च करने होंगे..
Varanasi, Uttar Pradesh: VDA Vice Chairman, Purna Borah says, "Recently, the government has finalized the proposed fare structure for the ropeway construction underway in Varanasi. According to the proposal, the fare from Varanasi Cantt Station to Godowlia will be ₹50. If… pic.twitter.com/LCKlMu5qKp
— IANS (@ians_india) June 24, 2026
काशी स्मार्ट पास धारकों को छूट
वाराणसी निवासी और रोजाना यात्रा करने वालों को राहत देने के लिए काशी स्मार्ट पास धारकों को किराये में 20 प्रतिशत की छूट दी जाएगी. इस छूट के बाद कैंट से गोदौलिया तक का किराया 40 रुपये रह जाएगा, जबकि विद्यापीठ से रथयात्रा तक की यात्रा और कम रुपये में की जा सकेगी. वहीं यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वाराणसी कैंट रोप-वे स्टेशन पर क्लॉक रूम की व्यवस्था की जाएगी. टिकट लेकर चलने वाले लोग शुरुआती दो घंटे तक अपना सामान यहां पर मुफ्त में रख सकेंगे. इसके बाद 15 किलो तक के सामान के लिए 50 रुपये प्रति घंटा फीस देनी होगी.
मिलेगी प्रीमियम गोंडोला सेवा
इस परियोजना में विशेष पर्यटक और समूह यात्राओं के लिए प्रीमियम गोंडोला सेवा भी दी जाएगी. इसका किराया 2,000 रुपये तय किया गया है. वहीं किसी संस्था या फिर समूह द्वारा अग्रिम बुकिंग कराने पर प्रति गोंडोला 1,200 रुपये फीस होगी.

Photo Credit: PTI
सुविधाओं से लैस होंगे स्टेशन
इस परियोजना में वाराणसी कैंट, विद्यापीठ, रथयात्रा और गोदौलिया में आधुनिक स्टेशन बनाए गए हैं. यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट, एस्केलेटर, सीसीटीवी निगरानी, अग्नि सुरक्षा प्रणाली और डिजिटल टिकटिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इसके अलावा दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं की जरूरतों का भी विशेष ध्यान रखा गया है. रोप-वे परियोजना काशी विश्वनाथ धाम, दशाश्वमेध घाट, गोदौलिया और रेलवे स्टेशन जैसे प्रमुख स्थलों को जोड़ने का काम करेगी. रोप-वे सेवा से ट्रैफिक जाम और प्रदूषण की समस्या को कम करने में भी यह परियोजन सहायक होंगी.
यह भी पढ़ें: दिल्ली-गुरुग्राम के बीच बनेगा नया मेट्रो रूट, यशोभूमि से राजीव चौक तक सफर होगा आसान
यह भी पढ़ें: गूगल मैप पार्किंग की जगह से लेकर बताएगा टोल का खर्च, बस जान लें ये 7 फीचर्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं