उत्तर प्रदेश के सभी क्षेत्रों में PNG यानी पाइप्ड नेचुरल गैस पहुंचाने की कोशिशें तेज कर दी गई हैं. इसके चलते अब राज्य के लोगों को सिलेंडर की किल्लत की समस्या से निजात मिल सकती है. यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन बढ़ाने का अभियान तेजी से चला रही है. इसका उद्देश्य लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल ईंधन उपलब्ध कराना है.
2027 तक 16 लाख से ज्यादा कनेक्शन का लक्ष्य
24 जून 2026 तक के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, यूपी के 43 गैस डिस्ट्रीब्यूशन क्षेत्रों में कुल 1,60,121 घरेलू पीएनजी कनेक्शन दिए जा चुके हैं. साल 2027 के लिए तय किए गए 16,23,163 कनेक्शनों के लक्ष्य के मुकाबले अब तक करीब 9.86 प्रतिशत ही लक्ष्य हासिल हुआ है. सरकार का उद्देश्य इस साल बड़ी संख्या में नए घरों को पाइप गैस से जोड़ना है, ताकि स्वच्छ ऊर्जा का उपयोग बढ़ाया जा सके.

Photo Credit: NDTV Profit/AI-Generated
यूपी के इन जिलों में तेजी से चल रहा अभियान
रिपोर्ट के अनुसार, गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों ने कई जिलों में अपने लक्ष्य के अनुसार तेजी से काम किया है. प्रयागराज, मेरठ, लखनऊ, मुरादाबाद, मथुरा, गोरखपुर, फिरोजाबाद, मुजफ्फरनगर, वाराणसी, अलीगढ़, बुलंदशहर, औरैया, गौतम बुद्ध नगर और शाहजहांपुर समेत कई जिलों में कनेक्शन देने का अभियान जारी है. IOC-Adani Gas, Torrent Gas, Green Gas Limited, GAIL Gas, GAIL India, IGL और HPCL जैसी कंपनियां अपने-अपने क्षेत्रों में नेटवर्क का विस्तार कर रही हैं और नए उपभोक्ताओं को जोड़ रही हैं.
ज्यादा से ज्यादा परिवारों तक PNG पहुंचाने का लक्ष्य
आने वाले महीनों में राज्य सरकार गैस पाइपलाइन नेटवर्क को और बढ़ाने, नए शहरों और कॉलोनियों को जोड़ने और ज्यादा से ज्यादा परिवारों तक PNG सुविधा पहुंचाने पर काम कर रही है. अधिकारियों के मुताबिक, सभी गैस कंपनियों के साथ नियमित समीक्षा और निगरानी की जा रही है, ताकि तय समय के अंदर लक्ष्य पूरा किया जा सके.
PNG ज्यादा साफ ईंधन
पाइप्ड नेचुरल गैस अन्य ईंधनों की तुलना में ज्यादा साफ मानी जाती है, जिससे कार्बन उत्सर्जन कम होता है और शहरों की हवा की क्वालिटी बेहतर होती है. साथ ही यह घरेलू उपभोक्ताओं को सुरक्षित, सस्ती और बिना रुकावट मिलने वाली गैस सुविधा देने में भी अहम भूमिका निभा रही है.
यह भी पढ़ें: 1 जुलाई से यूपी में शुरू होगा स्कूली बसों का फिटनेस चेक अभियान, नियम तोड़ने पर की जा सकती है सीज, जानें पूरी डिटेल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं