- दिवाली-धनतेरस पर नोएडा में होगा ट्रैफिक डायवर्जन.
- नोएडा के कई बाजारों में डायवर्जन लागू किया जाएगा.
- निजी वाहनों का कम इस्तेमाल करने की अपील की गई है.
आगामी त्योहारी सीजन यानी धनतेरस और दीपावली को लेकर नोएडा ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है. त्योहारों के दौरान बाजारों और शॉपिंग मॉल्स में भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने 5 नवंबर से 8 नवंबर तक के लिए विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी और डायवर्जन प्लान जारी किया है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सड़कों पर जाम से बचने के लिए सार्वजनिक वाहनों और मेट्रो का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें और निजी गाड़ियों को तय पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें.
ट्रैफिक एडवाइजरी में कहा गया है कि खरीदारी के सबसे बड़े केंद्र सेक्टर-18, अट्टा मार्केट में भीड़ बढ़ने पर ट्रैफिक को आवश्यकतानुसार इन रास्तों पर डायवर्ट किया जाएगा.
कहां-कहां होगा नोएडा में डायवर्जन?
अट्टापीर से बाएं मुड़कर रायरेजीडेंसी चौक, फिर दाएं मुड़कर कैम्ब्रिज स्कूल के सामने एलिवेटेड रोड के नीचे से यू-टर्न लेकर सेक्टर-28 कार मार्केट होते हुए अपने गंतव्य को जा सकेंगे. इसके साथ ही अट्टा चौक से बाएं टर्न लेकर जीआईपी (GIP) मॉल के सामने से होकर फिल्मसिटी फ्लाईओवर के नीचे से यू-टर्न लेकर डीएलएफ या सेंटर स्टेज मॉल के रास्ते आगे बढ़ेंगे. फिल्मसिटी फ्लाईओवर व गुरुद्वारा से सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन की ओर जाने वाला ट्रैफिक सेक्टर-18 अंडरपास से होकर गुजरेगा.
कमर्शियल और भारी वाहनों के लिए निर्देश जारी
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों की 'नो-एंट्री' व्यवस्था पूर्व आदेशों के अनुसार प्रभावी रहेगी. इसके साथ ही दादरी कस्बा क्षेत्र में लुहारली टोल से एनटीपीसी तिराहा दादरी तक मालवाहक वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. जरूरत पड़ने पर रेलवे रोड का ट्रैफिक रेलवे फ्लाईओवर से पूर्व बाईपास तिराहा से एनटीपीसी तिराहा होकर भेजा जाएगा.
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बाजारों या मॉल के आसपास सार्वजनिक सड़कों पर गाड़ियां खड़ी करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. किसी भी प्रकार की असुविधा या जाम की स्थिति में नागरिक ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 9971009001, व्हाट्सएप नंबर 7065100100 या आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल noidatraffic पर संपर्क कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें | हजरत निजामुद्दीन-झांसी जनरल स्पेशल ट्रेन 5 नवंबर से, फरीदाबाद-पलवल समेत ग्वालियर-आगरा तक के यात्रियों को फायदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं