- नागपुर के शांति नगर में 3 करोड़ 74 लाख रुपये की हवाला कारोबार से जुड़ी नकदी की लूट का खुलासा हुआ है.
- लूटी गई रकम का बड़ा हिस्सा बालाघाट जिले के एक खेत में भूसे के नीचे छिपा हुआ पाया गया है.
- आरोपियों ने जूम कार ऐप का उपयोग कर व्यापारी के घर की रेकी की और योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया.
बीते दिनों नागपुर के शांति नगर स्थित संदिग्ध हवाला कारोबार की 3 करोड़ 74 लाख रुपए की नकद राशि की लूट का आखिरकार पर्दाफाश हो गया है. लूट के 3 करोड़ 28 लाख रुपये जहां मिले, उसे जानकर नागपुर पुलिस की तरह आपको भी झटका लगेगा. दरअसल, इस लूट के तार मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले तक जुड़े थे. नागपुर पुलिस को यह रकम सीधे एक भूसे के ढेर के नीचे छिपाई हुई मिली है.
इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है. खास बात यह है कि इस वारदात में आधुनिक तकनीक की मदद से रेकी की गई थी. इसमें जूम कार ऐप का इस्तेमाल कर व्यापारी के घर की रेकी किए जाने की बात अब स्पष्ट हो गई है.
छह आरोपी अब भी फरार
इस मामले में अपराधियों द्वारा आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल का खुलासा हुआ है. जूम कार ऐप के जरिए व्यापारी के घर की रेकी किए जाने की बात सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. लूट की इस घटना में आरोपियों ने चाकू से हमला कर कर्मचारियों को घायल कर करोड़ों रुपये और SUV लेकर भाग गए थे.
बालाघाट के खेत में मिली नोटों से भरी तीन बोरियां
नागपुर पुलिस ने बालाघाट में छापेमारी कर खेत के भूसे से 3 करोड़ 28 लाख रुपये जब्त किए हैं. इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि छह आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं. हालांकि लूट के 46 लाख रुपए अभी तक बरामद नहीं हो सके हैं.

खेत से नोटों की बोरियां उठाकर ले जाती पुलिस टीम.
17 नवंबर की रात नागपुर में हुई थी लूट
17 नवंबर की मध्यरात्रि नागपुर के तुलसीनगर इलाके में अनाज और फाइनेंस कारोबार से जुड़े व्यापारी सुरेश परमार के कर्मचारियों को निशाना बनाया गया था. आरोपियों ने पहले पूरी योजनाबद्ध तरीके से तैयारी की थी. आरोपी शुभम डहरवाल, अजय यादव और रितेश मरस्कोल्हे ने जूम कार ऐप के जरिए कार बुक की और इसी कार से व्यापारी के घर की रेकी की.
कई दिनों की रेकी के बाद लूटी थी रकम
कई दिनों तक गतिविधियों पर नजर रखने के बाद आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया. चाकू से हमला कर कर्मचारियों को घायल किया और 3 करोड़ 74 लाख रुपये की नकदी वाली SUV लेकर वे फरार हो गए थे. घटना के बाद आरोपियों ने बालाघाट रेलवे स्टेशन पर कार खड़ी कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश भी की.
बालाघाट के डोरली गांव से मिली नोटों से भरी बोरियां
लेकिन नागपुर पुलिस की जांच का शिकंजा दिन-ब-दिन कसता गया और पुलिस की जांच मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले तक पहुंच गई. जहां डोरली माल गांव में दिनेश डहरवाल के खेत में आरोपियों ने करीब चार दिन पहले तीन बोरियों में करोड़ों रुपये भरकर उन्हें भूसे के ढेर के नीचे छिपा दिया था.

लूटकांड की छानबीन में जुटी पुलिस.
खेत में तलाशी अभियान चला निकाला पैसा
आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने खेत में तलाशी अभियान चलाया और ढेर हटाते ही करोड़ों की नकदी सामने आ गई. तीन बोरियों से पुलिस ने पूरे 3 करोड़ 28 लाख रुपये जब्त किए. यानी लूटी गई रकम का बड़ा हिस्सा पुलिस के हाथ लग चुका है.
8 आरोपी की बात आई सामने, दो गिरफ्तार
पुलिस की जानकारी के अनुसार इस पूरे लूटकांड में कुल आठ आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है. नागपुर पुलिस ने चंद्रकांत बघेल और रजनीकांत चंद्रभान को गिरफ्तार किया है. वहीं शुभम डहरवाल, अजय यादव, विशाल सोनगडे और रितेश मरस्कोल्हे समेत अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है. इसके अलावा नागपुर के गिट्टीखदान के जगदीशनगर इलाके के जुनघरे और एक अन्य व्यक्ति की भूमिका को लेकर भी जानकारी सामने आई है. पुलिस सभी कड़ियां जोड़कर जांच कर रही है. फरार आरोपियों और शेष रकम की तलाश की जा रही है.
यह भी पढ़ें - 15 करोड़ की गोल्ड लूट में नया ट्विस्ट ! 'गोल्डन थीफ' सुबोध सिंह के नाम की चर्चा, बंगाल-यूपी तक रेड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं