अगर आप सोने या चांदी के गहने खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो यह जानकारी आपके लिए बहुत ही जरूरी है. अक्सर लोग ज्वेलरी शॉप पर जाकर सिर्फ डिजाइन पसंद करते हैं और बिना सोने की कीमत, हॉलमार्किंग और मेकिंग चार्ज की जांच किए खरीदारी कर लेते हैं. ऐसे में कई बार उन्हें जरूरत से ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है, क्योंकि अलग-अलग डिजाइनों पर मेकिंग चार्ज 30 से 50 प्रतिशत या उससे भी अधिक हो सकता है. इसलिए गहने खरीदने से पहले कुछ जरूरी बातों की जानकारी होना बेहद जरूरी है. आइए जानते हैं कि ज्वेलरी खरीदते समय किन बातों पर विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि आप फिजूल खर्च से बच सकें और सही कीमत पर खरीदारी कर सकें.
गहनों की शुद्धता की करें जांच
अगर आप ज्वेलरी खरीद रहे हैं, तो सबसे पहले उसकी शुद्धता की जांच जरूर करें. इसके लिए गहने पर लगा हॉलमार्क सबसे भरोसेमंद पहचान माना जाता है, जो सोने की शुद्धता और गुणवत्ता की आधिकारिक पुष्टि करता है. इसलिए सोना खरीदते समय हमेशा BIS (Bureau of Indian Standards) हॉलमार्क वाला सोना ही चुनें, ताकि आपको सही गुणवत्ता और मूल्य मिल सके.
पहले से पता कर लें गहनों की कीमत
जब भी आप ज्वेलरी खरीदने जाएं, उससे पहले अपने शहर में सोने और चांदी के ताजा भाव जरूर जांच लें. इससे आपको यह समझने में आसानी होगी कि ज्वेलर की ओर से लिया जा रहा रेट बाजार कीमत के अनुरूप है या नहीं. बिल बनवाते समय सोने-चांदी की दर, मेकिंग चार्ज और अन्य शुल्कों की भी जांच करें, ताकि आप किसी तरह की ओवरचार्जिंग से बच सकें.
मेकिंग चार्ज जरूर पूछें
ज्वेलरी खरीदने से पहले हमेशा अलग-अलग दुकानों पर मेकिंग चार्ज की जानकारी जरूर लें. जब कोई गहना आपको पसंद आए, तो उसका वजन, प्रति ग्राम सोने की कीमत और उस पर लगने वाला मेकिंग चार्ज विस्तार से पूछें. इससे आपको कीमतों की सही तुलना करने में मदद मिलेगी और आप बेहतर सौदा करने के साथ अनावश्यक खर्च से भी बच सकेंगे.
हमेशा लें पक्का बिल
कई बार लोग जल्दबाजी में या जीएसटी बचाने के चक्कर में ज्वेलरी खरीदते समय पक्का बिल नहीं लेते. हालांकि, आगे चलकर यही गलती भारी पड़ सकती है. गहने की शुद्धता, कीमत, एक्सचेंज, बायबैक या किसी तरह की शिकायत की स्थिति में बिल ही सबसे जरूरी डॉक्यूमेंट्स होता है. इसलिए ज्वेलरी खरीदते समय हमेशा पक्का बिल जरूर लें और उसमें दर्ज सभी विवरणों की जांच अच्छे से कर लें.
वजन चेक किए बिना न खरीदें गहने
कई लोग ज्वेलरी का डिजाइन पसंद आते ही उसे फाइनल कर देते हैं और बिना वजन की ठीक से जांच किए भुगतान कर देते हैं. हालांकि, यह एक बड़ी गलती साबित हो सकती है. सोने के वजन में मामूली अंतर भी कीमत पर बड़ा असर डालता है, क्योंकि कुछ मिलीग्राम सोने की कीमत भी सैकड़ों या हजारों रुपये तक हो सकती है. इसलिए गहना खरीदते समय उसका वजन खुद जांचें और बिल में दर्ज वजन से उसका मिलान जरूर करें, ताकि आपको अतिरिक्त पैसे न देने पड़ें.
ये भी पढ़ें - SBI बैंक के लॉकर से चोरी हुए 50 लाख के जेवर, कौन भरेगा नुकसान, जानें RBI का मुआवजा वाला नियम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं