आज 12 अगस्त को हरियाली अमावस्या मनाई जा रही है. यह अमावस्या सावन की शिवरात्रि के ठीक अगले दिन और हरियाली तीज से 3 दिन पहले आती है. इस दिन का नाम 'हरियाली' इसलिए पड़ा क्योंकि यह सावन के हरे-भरे मौसम में आती है. इस दिन पूजा-पाठ, दान, पितरों का स्मरण करना अत्यंत फलदायी माना जाता है. इसी कड़ी में आइए जानते हैं हरियाली अमावस्या पर दान-स्नान का शुभ मुहूर्त और महत्व.
हरियाली अमावस्या तिथि
वैदिक पंचांग के अनुसार सावन महीने के कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि की शुरुआत 12 अगस्त को सुबह 01 बजकर 53 पर हो गई है. वहीं, इस तिथि का समापन रात 11 बजकर 7 मिनट पर होगा. ऐसे में हरियाली अमावस्या आज यानी 12 अगस्त दिन बुधवार को मनाई जा रही है.
हरियाली अमावस्या पर दान-स्नान का मुहूर्त
सावन अमावस्या के दिन ब्रह्म मुहूर्त में स्नान और दान करना शुभ माना जाता है. ऐसे में 12 अगस्त को ब्रह्म मुहूर्त सुबह 4 बजकर 23 मिनट से 5 बजकर 6 मिनट तक रहेगा. इसके अलावा पूजा के लिए अभिजित मुहूर्त दोपहर 11 बजकर 59 मिनट से 12 बजकर 52 मिनट तक रहेगा.
हरियाली अमावस्या पर क्या करें?
इस दिन पितरों के तर्पण के लिए आप सुबह जल्दी उठकर गंगाजल से स्नान करें, यदि नदी में स्नान संभव न हो, तो नहाने के पानी में थोड़ा सा गंगाजल मिलाकर स्नान करें. इससे शारीरिक और मानसिक शुद्धि होती है. स्नान के बाद ध्यान लगाना और अपने ईष्ट का स्मरण करना चाहिए. इसके बाद शिवजी का विशेष पूजन करें. भगवान शिव को आक, मदार जैसे फूल चढ़ाना बहुत लाभकारी माना जाता है. साथ ही पीपल के पेड़ की पूजा करें. इसकी पूजा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा लाती है.
हरियाली अमावस्या का महत्व
हरियाली अमावस्या को गटारी अमावस्या, चितलगी अमावस्या और चुक्कला अमावस्या के नाम से भी जाना जाता है. इस दिन भगवान शिव की पूजा करने का विधान है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार जो भी व्यक्ति इस दिन विधि-विधान से भोलेनाथ की पूजा करता है उसकी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और कष्टों से मुक्ति मिलती है.
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.
यह भी पढ़ें: Hariyali Amavasya 2026: अमावस्या पर खाली हाथ न रहें, पितरों के नाम करें ये दान, दूर होंगी जीवन की परेशानियां
यह भी पढ़ें: Kitchen Vastu: सिंक में जूठे बर्तनों के बीच रखी ये चीजें बढ़ा सकती हैं घर की परेशानी, आज ही हटाएं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं