विज्ञापन

हरिद्वार में गाड़ियों की एंट्री बंद, पुलिस ने जारी किया ट्रैफिक प्लान, जानें पार्किंग का भी सिस्टम

सोमवती अमावस्या स्नान पर्व के मौके पर जिला पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था का कड़ा खाका तैयार किया है. स्नान पर्व के मद्देनजर शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है.

हरिद्वार में गाड़ियों की एंट्री बंद, पुलिस ने जारी किया ट्रैफिक प्लान, जानें पार्किंग का भी सिस्टम
Haridwar Heavy Vehicle Entry Ban
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स
  • हरिद्वार में सोमवती अमावस्या स्नान पर्व श्रद्धालुओं की भीड़.
  • हरिद्वार में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगी है.
  • श्रद्धालुओं के गाड़ियों के लिए पार्किंग स्थल तय किए गए हैं.

उत्तराखंड के हरिद्वार में सोमवती अमावस्या स्नान पर्व को लेकर लोगों की भारी भीड़ और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था का कड़ा खाका तैयार किया है. स्नान पर्व के मद्देनजर शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है और ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए रूट डायवर्जन लागू किया गया है. जबकि श्रद्धालुओं के वाहनों के पार्किंग के लिए जगह तय किए गए हैं.

बॉर्डर पर ही रोके जाएंगे भारी वाहन

उत्तराखंड पुलिस के निर्देशानुसार, स्नान पर्व के दौरान हरिद्वार शहर के भीतर सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. अगर शहर में ट्रैफिक का दबाव अधिक बढ़ता है, तो मालवाहक और भारी वाहनों को जिला बॉर्डर पर ही रोक दिया जाएगा. इसके अलावा दिल्ली, मेरठ, पंजाब, हरियाणा, मुरादाबाद और नजीबाबाद की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग और पार्किंग स्थल तय किए गए हैं. स्थिति के अनुसार वाहनों को लक्सर के रास्ते डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग तक पहुंचाया जाएगा.

प्रमुख रूटों पर ट्रैफिक डायवर्जन

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस ने ट्रैफिक रूट प्लान तय किए हैं. इसके तहत दिल्ली-मेरठ और हरियाणा-पंजाब की ओर से सामान्य ट्रैफिक का दबाव बढ़ने पर इन राज्यों से आने वाले वाहनों को नारसन, मंगलौर, कोर कॉलेज और ख्याति ढाबा होते हुए गुरुकुल कांगड़ी के रास्ते हरिद्वार भेजा जाएगा. इनके लिए बैरागी कैंप, बीएचईएल और ऋषिकुल मैदान में पार्किंग बनाई गई है.

दिल्ली और मेरठ से देहरादून-ऋषिकेश जाने वाली निजी बसों और वाहनों को जरूरत पड़ने पर मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहे से देवबंद और बिहारीगढ़ होते हुए मोहंड के रास्ते भेजा जाएगा.

मुरादाबाद और नजीबाबाद मार्ग से आने वाले छोटे-बड़े वाहनों को चिड़ियापुर, श्यामपुर और चंडी चौकी के रास्ते हरिद्वार लाया जाएगा, जिनके लिए नीलधारा और गौरीशंकर क्षेत्रों में पार्किंग की व्यवस्था की गई है.

ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा के लिए नियम

शहर के भीतर स्थानीय यातायात को सुचारु रखने के लिए ऑटो और विक्रम के संचालन पर भी नियंत्रण रखा गया है. दून, ऋषिकेश और रायवाला की ओर से आने वाले ऑटो-विक्रम को आवश्यकता पड़ने पर जयराम मोड़ तक ही आने दिया जाएगा. ललतारौ पुल से शिवमूर्ति के बीच ऑटो, टैक्सी और विक्रम समेत सभी प्रकार के व्यावसायिक वाहनों का आना-जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. बैरागी कैंप पार्किंग से शंकराचार्य चौक और तुलसी चौक तक ई-रिक्शा व ऑटो निर्धारित नियमों के तहत ही संचालित हो सकेंगे.

प्रशासन ने बाहर से आने वाले सभी श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए यातायात पुलिस द्वारा निर्धारित किए गए वैकल्पिक मार्गों और पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें.

यह भी पढ़ें | भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन 6 राज्य से होकर गुजरेगी, दिल्ली-मथुरा, वाराणसी-अयोध्या, प्रयागराज से हरिद्वार तक जाएगी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Haridwar Traffic Diversion, Haridwar Traffic Update, Somvati Amavasya, Haridwar News, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com