अगर आप इन दिनों दिल्ली में लाल किला घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो आपके लिए जरूर अपडेट है. कहीं आपकी ट्रिप बेकार न हो जाए, इसलिए जाने से पहले यह बात पक्का जान लें कि लाल किला खुला है या बंद. दरअसल, स्वतंत्रता दिवस समारोह की भव्य तैयारियों के चलते 15 जुलाई 2026 से लाल किला आम टूरिस्ट के लिए बंद कर दिया गया है. अब 15 अगस्त तक आप लाल किले के अंदर घूमने नहीं जा पाएंगे.
बता दें कि हर साल 15 अगस्त को प्रधानमंत्री लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराते हैं और देश को संबोधित करते हैं. इसी समारोह की तैयारी के लिए हर साल पहले से सुरक्षा इंतजाम शुरू कर दिए जाते हैं. इस बार भी स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को देखते हुए लाल किला 15 जुलाई से 15 अगस्त तक आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है.
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने इस संबंध में आदेश जारी किया है. इस दौरान पूरा परिसर सुरक्षा एजेंसियों के पास रहेगा ताकि सभी तैयारियां समय पर पूरी की जा सकें.
इस दौरान क्या होगी तैयारी?
15 जुलाई से 15 अगस्त के बीच लाल किले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा. यहां बैरिकेड लगाए जाएंगे, मंच तैयार किया जाएगा, सुरक्षा जांच होगी और जरूरी तकनीकी इंतजाम किए जाएंगे. यही वजह है कि इस दौरान किसी भी पर्यटक को अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी.
घरेलू और विदेशी, सभी पर्यटकों पर लागू होगा नियम
यह रोक सिर्फ भारतीय पर्यटकों के लिए नहीं है. देश और विदेश से आने वाले सभी पर्यटक 15 अगस्त तक लाल किले में प्रवेश नहीं कर सकेंगे. स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरा होने के बाद ही लाल किला फिर से आम लोगों के लिए खोला जाएगा.
ऐसा पहली बार नहीं हुआ है. पिछले साल 2025 में भी लाल किला 15 जुलाई से 15 अगस्त तक बंद रखा गया था ताकि स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां पूरी की जा सकें.इससे पहले 2021 में लाल किला 21 जुलाई से 15 अगस्त तक बंद रहा था. वहीं 2018 में केवल 8 अगस्त से 15 अगस्त तक लोगों की एंट्री रोकी गई थी. यानी हर साल सुरक्षा जरूरतों के हिसाब से कुछ समय के लिए लाल किला बंद किया जाता है.
सामान्य दिनों में कब खुलता है लाल किला?
आमतौर पर लाल किला मंगलवार से रविवार तक सुबह 9:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक पर्यटकों के लिए खुला रहता है. सोमवार को यह बंद रहता है. हालांकि, इस बार 15 जुलाई से 15 अगस्त तक यह समय लागू नहीं होगा क्योंकि पूरे महीने लाल किला आम लोगों के लिए बंद रहेगा.
सुरक्षा एजेंसियां क्यों हैं अलर्ट?
हाल ही में मुंबई पुलिस को एक फोन कॉल मिला था, जिसमें लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. यह जानकारी तुरंत दिल्ली पुलिस को दी गई. जांच के बाद यह कॉल फर्जी निकली, लेकिन इसके बाद भी सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं. स्वतंत्रता दिवस जैसे बड़े राष्ट्रीय कार्यक्रम को देखते हुए किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है.
अगर लाल किला घूमने जा रहे हैं तो क्या करें?
अगर आपने 15 जुलाई से 15 अगस्त के बीच लाल किला घूमने का प्लान बनाया है, तो फिलहाल अपनी यात्रा टाल दें. स्वतंत्रता दिवस समारोह खत्म होने के बाद ही लाल किला दोबारा पर्यटकों के लिए खोला जाएगा. इससे पहले वहां किसी भी तरह की एंट्री की अनुमति नहीं होगी.
ये भी पढ़ें- Bihar Homestay Yojana: राजगीर, नालंदा और बोधगया में 'होम स्टे' से हर महीने लाखों कमाएं, सरकार देगी ₹10 की मदद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं