उत्तर प्रदेश की छात्राओं के लिए एक अच्छी खबर है. राज्य सरकार जल्द ही छात्राओं को मुफ्त स्कूटी देने की अपनी योजना शुरू करने जा रही है. इस योजना का नाम रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना रखा गया है. सरकार की ओर से इसकी तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है और कॉलेजों से पात्र छात्राओं का विवरण भी मांगा जा रहा है. ऐसे में हजारों छात्राओं को जल्द ही इस योजना का लाभ मिल सकता है.
किन छात्राओं का होगा चयन?
शुरुआती चरण में करीब 45 हजार छात्राओं को मुफ्त स्कूटी देने की तैयारी है. उच्च शिक्षा विभाग ने यूनिवर्सिटी और डिग्री कॉलेजों से उन छात्राओं का डाटा मांगा है जिन्होंने अंडरग्रेजुएट फर्स्ट ईयर में 80, 85 या 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं. मेरिट के आधार पर छात्राओं को चुना जाएगा. माना जा रहा है कि पहले चरण में फाइनल ईयर में पढ़ रही छात्राओं को प्राथमिकता दी जा सकती है.
ये होंगी जरूरी शर्तें- योजना का लाभ उन्हीं छात्राओं को मिलेगा जिनके परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से कम होगी.
- इसके अलावा छात्रा का उत्तर प्रदेश का स्थायी निवासी होना भी जरूरी है.
- छात्रा किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी या कॉलेज से ग्रेजुएशन या अंडरग्रेजुएट कोर्स कर रही होनी चाहिए.
योजना के लिए आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, प्रवेश प्रमाण पत्र, 10वीं और 12वीं की मार्कशीट, बैंक खाते की जानकारी, पासपोर्ट साइज फोटो, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी जैसे दस्तावेजों की जरूरत होगी.
उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार, छात्राओं को पेट्रोल से चलने वाली स्कूटी दी जाएगी. इससे उन्हें कॉलेज आने-जाने में सुविधा मिलेगी और पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी. जल्द ही उच्च शिक्षा विभाग विस्तृत दिशा-निर्देश और आधिकारिक अधिसूचना जारी कर सकता है. ऐसे में यह योजना छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.
यह भी पढ़ें- नोएडा एयरपोर्ट जाना है? गूगल मैप बता रहा गलत रास्ता, जानें सबसे आसान और सही रूट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं