विज्ञापन

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से बदली रसोई की तस्वीर, 10.5 करोड़ से ज्यादा घरों में पहुंचा LPG सिलेंडर

Pradhan Mantri Ujjwala Yojana : यह योजना सिर्फ ईंधन उपलब्ध कराने तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि यह महिलाओं के सशक्तिकरण का भी एक मजबूत माध्यम बनी है. अब महिलाएं ज्यादा सुरक्षित और सम्मानजनक तरीके से खाना बना पा रही हैं.

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से बदली रसोई की तस्वीर, 10.5 करोड़ से ज्यादा घरों में पहुंचा LPG सिलेंडर
महिलाएं ज्यादा सुरक्षित और सम्मानजनक तरीके से खाना बना पा रही हैं.

Pradhan Mantri Ujjwala Yojana : प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) ने अपने 10 साल पूरे कर लिए हैं और इस दौरान इस योजना ने देश में स्वच्छ रसोई ईंधन की पहुंच को एक नई दिशा दी है. खासकर गरीब और ग्रामीण परिवारों की महिलाओं के लिए यह योजना किसी बड़े बदलाव से कम नहीं रही. अब तक 10.5 करोड़ से अधिक एलपीजी कनेक्शन देकर सरकार ने धुएं से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं को कम करने में मदद की है. यह योजना न सिर्फ पर्यावरण के लिए फायदेमंद साबित हुई है, बल्कि महिलाओं के जीवन स्तर और सशक्तिकरण में भी अहम भूमिका निभा रही है.

स्वच्छ ईंधन से स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सुधार

इस योजना का सबसे बड़ा फायदा यह रहा है कि पारंपरिक चूल्हों से निकलने वाले धुएं में कमी आई है. इससे महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर अच्छा असर पड़ा है. पहले जहां रसोई में धुआं एक बड़ी समस्या था, अब एलपीजी के इस्तेमाल से साफ-सुथरा और सुरक्षित माहौल मिल रहा है. इसके साथ ही महिलाओं को ईंधन जुटाने में लगने वाले समय से भी राहत मिली है. यह योजना सिर्फ ईंधन उपलब्ध कराने तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि यह महिलाओं के सशक्तिकरण का भी एक मजबूत माध्यम बनी है. अब महिलाएं ज्यादा सुरक्षित और सम्मानजनक तरीके से खाना बना पा रही हैं, जिससे उनके जीवन की क्वालिटी में सुधार हुआ है.

LPG कवरेज और इस्तेमाल में बढ़ोतरी

योजना शुरू होने से पहले देश में एलपीजी कवरेज लगभग 62 प्रतिशत था, जो अब काफी बढ़ चुका है. इसके साथ ही एलपीजी के इस्तेमाल में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. साल 2021-22 में जहां औसतन 3.68 सिलेंडर सालाना इस्तेमाल होते थे, वहीं 2025-26 में यह बढ़कर 4.80 सिलेंडर हो गया है. सरकार इस योजना के तहत 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर पर 300 रुपये तक की सब्सिडी दे रही है, जो अधिकतम 9 रिफिल तक लागू है. इसके अलावा, सक्षम अभियान के जरिए ऑयल मार्केटिंग कंपनियां लोगों को एनर्जी बचत और टिकाऊ विकास के प्रति जागरूक कर रही हैं.

Keywords - Pradhan Mantri Ujjwala Yojana, Pradhan Mantri Ujjwala Yojana gas connections, PMUY, benefits of Pradhan Mantri Ujjwala Yojana, Pradhan Mantri Ujjwala Yojana gas cylinder, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना गैस कनेक्शन, पीएमयूवाई, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना गैस सिलेंडर

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com