बच्चों के जन्म के साथ ही माता-पिता को उनके भविष्य की फिक्र होने लगती है. बेटे या बेटी दोनों के लिए माता-पिता का सपना होता है कि उन्हें अच्छा भविष्य मिले, जिसके लिए अच्छी शिक्षा जरूरी होती है. वहीं हायर एजुकेशन में खर्च होने वाले रकम भविष्य के साथ बढ़ते जाते हैं. ऐसे में माता-पिता जहां स्कूल से ही बच्चों की पढ़ाई की चिंता करते हैं. वहीं बोर्ड परीक्षा के बाद ही हायर एजुकेशन के खर्चों के कैलकुलेशन से चिंता बढ़ने लगती है. लेकिन इस सारी चिंताओं को दूर किया जा सकता है. वह भी एक छोटे से सुरक्षित निवेश के साथ.
भविष्य में बच्चों के स्कूल से लेकर हायर एजुकेशन में होने वाले खर्च को केवल छोटे से नियमित निवेश (Investment) से पूरा किया जा सकता है. इसके लिए आपको बेटे-बेटी के जन्म से ही प्लानिंग करनी होगी. वहीं सुरक्षित निवेश के लिए सबसे अच्छा स्थान होता है भारतीय डाक (India Post). पोस्ट ऑफिस की तीन ऐसी स्कीम है जिससे आप बच्चों के स्कूल से लेकर हायर एजुकेशन में होने वाले खर्च को जमा कर सकते हैं वह भी केवल 1000 रुपये की निवेश से.
स्कूल एडमिशन के लिए शुरू करें RD अकाउंट
बेटे-बेटी के जन्म के साथ ही आप स्कूल एडमिशन के लिए पोस्ट ऑफिस के RD स्कीम में अकाउंट खोल सकते हैं. रिकरिंग डिपॉजिट (RD) स्कीम के तहत अकाउंट आप अपने बच्चे के नाम पर ही खोल सकते हैं. इसमें उम्र की न्यूनतम सीमा तय नहीं है. बच्चों के खाते में माता-पिता देखरेख में रह सकते हैं. इस अकाउंट पर 6.7 प्रतिशत का सालाना ब्याज दिया जाता है. RD अकाउंट में 5 साल तक के लिए निवेश करना होता है. यानी 5 साल की उम्र में आपके बच्चे का एडमिशन स्कूल में होता है.
RD अकाउंट में हर महीने एक निश्चित अमाउंट जमा करना होता है. इसमें कम से कम 100 रुपये जमा कर सकते हैं. अगर आप 1000 रुपये हर महीने निवेश करते हैं तो आपको 5 साल में 60 हजार रुपये निवेश करना होगा और इस पर हर साल 6.7 प्रतिशत ब्याज के हिसाब से कुल 72000 रुपये मिलेंगे. यानी आपके पास बच्चे के स्कूल एडमिशन के समय 72000 रुपये रहेंगे.

हायर एजुकेशन के लिए शुरू करें PPF और SSA अकाउंट
हायर एजुकेशन के लिए आपके पास काफी वक्त होता है. ऐसे में आप इसके लिए लंबी अवधि वाले निवेश के साथ पैसे जमा कर सकते हैं और एक बड़ा अमाउंट बना सकते हैं. आप बेटे के लिए PPF अकाउंट खोल सकते हैं और बेटी के लिए सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) अकाउंट खोल सकते हैं. इसमें 1000 रुपये के निवेश के साथ ही बड़ा अमाउंट बना सकते हैं.
PPF में 1000 रुपये हर महीने के निवेश पर कितना मिलेगा पैसा
पीपीएफ अकाउंट में 15 साल के लिए निवेश करना होता है. वहीं इसमें 7.1 प्रतिशत सालाना चक्रवृद्धि ब्याज पर मिलता है. वहीं इसमें आप कम से कम एक साल में 500 रुपये का निवेश कर सकते हैं जबकि ज्यादा से ज्यादा डेढ़ लाख रुपये तक एक साल में निवेश कर सकते हैं. इसमें यह भी खास बात है कि आप जब चाहें इस अकाउंट में पैसे डाल सकते हैं. अगर आप 1000 रुपये हर महीने इस अकाउंट में पैसे डालते हैं तो आपको 15 साल में 1,80,000 रुपये निवेश करने होंगे और 1,45,457 रुपये ब्याज के साथ कुल 3,25,457 रुपये मैच्योरिटी पर मिलेंगे.
SSY में 1000 रुपये हर महीने के निवेश पर कितना मिलेगा पैसा
इसी तरह बेटी के लिए विशेष अकाउंट सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) में भी खाता खुलने की तारीख से 15 साल तक निवेश करना होता है. 16वें साल से 21वें साल (मैच्योरिटी) तक कोई पैसा जमा नहीं करना पड़ता. लेकिन इस पर 8.2 प्रतिशत सालाना चक्रवृद्धि ब्याज मिलता रहता है. इस अकाउंट में कम से कम एक साल में 250 रुपये निवेश कर सकते हैं. जबकि ज्यादा से ज्यादा डेढ़ लाख रुपये तक एक साल में निवेश कर सकते हैं. इसमें यह भी खास बात है कि आप जब चाहें इस अकाउंट में पैसे डाल सकते हैं. अगर आप 1000 रुपये हर महीने इस अकाउंट में डालते हैं तो 15 साल में आपको 1,80,000 रुपये निवेश करनें होंगे और 3,74,206 रुपये ब्याज के साथ कुल 5,54,206 रुपये मैच्योरिटी पर मिलेंगे.
यह भी पढ़ेंः राजेश को नहीं समझ आई SIP तो इस स्कीम में कर दिया निवेश, बिना रिस्क के हो गए पैसे डबल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं